Sonia Gandhi Health : सोनिया गांधी की सेहत में सुधार, सर गंगा राम अस्पताल से जल्द मिल सकती है छुट्टी
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
Sonia Gandhi Health : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। सर गंगा राम अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, अब वह पूरी तरह से सामान्य हैं और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। बुखार की शिकायत के बाद उन्हें 24 मार्च को रात करीब 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सोनिया गांधी का 'सिस्टेमिक इंफेक्शन' (शारीरिक संक्रमण) का इलाज चल रहा है और उन पर एंटीबायोटिक दवाओं का सकारात्मक असर हो रहा है। सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने सोमवार को बताया कि सोनिया गांधी के स्वास्थ्य संबंधी सभी पैरामीटर अब सामान्य सीमा के भीतर हैं। हालांकि, उन्हें अभी भी नसों के जरिए एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं, जो एहतियात के तौर पर कुछ और दिनों तक जारी रहेंगी। डॉ. स्वरूप ने स्पष्ट किया कि इलाज कर रहे वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम की सहमति के बाद ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का अंतिम फैसला लिया जाएगा। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
राहुल गांधी ने रद्द किया था केरल दौरा
सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपना प्रस्तावित केरल दौरा रद्द कर दिया था। राहुल गांधी ने कोझिकोड में एक रैली को वर्चुअली संबोधित करते हुए बताया था कि मां के अस्वस्थ होने के कारण वह व्यक्तिगत रूप से वहां नहीं पहुंच सके। उन्होंने यह भी साझा किया था कि अस्पताल में केरल की एक नर्स उनकी मां की लगातार देखभाल कर रही थी, जिससे उन्हें काफी तसल्ली मिली।
पहले भी रही हैं भर्ती
गौरतलब है कि 79 वर्षीय सोनिया गांधी को इससे पहले भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इस साल जनवरी में भी पुरानी खांसी और अस्थमा की शिकायत के कारण उन्हें सर गंगा राम अस्पताल लाया गया था। फिलहाल, डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य पर पैनी नजर रखे हुए है।

