SIR Monitoring War Room: मतदाता सूची पर कांग्रेस की पैनी नज़र, हरियाणा में ‘एसआईआर मॉनिटरिंग वॉर रूम’ सक्रिय
SIR Monitoring War Room: सूचियों की शुद्धता पर फोकस, जिला-बूथ स्तर तक सख़्त निगरानी
SIR Monitoring War Room: हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एस.आई.आर.) दौर को कांग्रेस पार्टी पूरी तरह चुनावी पारदर्शिता से जोड़कर देख रही है। इसी उद्देश्य से राज्य स्तरीय एक्शन एवं मॉनिटरिंग कमेटी का गठन कर कांग्रेस ने मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर अपनी रणनीति और भी आक्रामक कर दी है। कांग्रेस इस कदम को सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोगों के मताधिकार की सुरक्षा के लिए एक अभियान बता रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह कमेटी पार्टी हाईकमान के निर्देशों पर बनाई गई है, ताकि एसआईआर प्रक्रिया के हर चरण पर गहन निगरानी रखी जा सके। कमेटी में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुडथे, विधायक बी.बी. बतरा, और पूर्व सीपीएस चौधरी रामकिशन गुर्जर, साथ ही रणधीर राणा एडवोकेट को शामिल किया गया है।
राव नरेंद्र सिंह के अनुसार, कई बार संशोधन प्रक्रिया के दौरान नए पात्र मतदाता का नाम नहीं जुड़ता, पुराने मतदाताओं के नाम गलती से हट जाते हैं या सूची में गलत प्रविष्टियाँ दर्ज हो जाती हैं। इन्हीं संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए यह कमेटी “जमीन पर उतरकर निगरानी” मॉडल अपनाएगी।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाना है। लेकिन यदि इस प्रक्रिया में किसी भी तरह की राजनीतिक प्रेरित हेराफेरी, मतदाता हटाने–जोड़ने में जानबूझकर लापरवाही या बूथ-स्तर पर पक्षपातपूर्ण रवैया देखने को मिलता है, तो पार्टी इसकी जोरदार विरोध कार्रवाई करेगी।कमेटी राज्य से लेकर जिलों और बूथों तक एक तगड़ा समन्वय तंत्र बनाएगी, जो रियल-टाइम में शिकायतें जुटाएगा और उन्हें आगे बढ़ाएगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा- एक-एक मत की रक्षा में जुटें
कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएं। नए पात्र मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना कमेटी को दें। पार्टी का दावा है कि यह पूरा अभियान लोकतंत्र की जड़ को मजबूत करने के लिए है, ताकि हर पात्र नागरिक बिना अवरोध अपना मत दे सके।

