TMC में बड़ी टूट की आहट! राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे का इस्तीफा, कई और सांसद छोड़ सकते हैं पार्टी
TMC MP Resignation:
TMC MP Resignation: पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे (Sukhendu Shekhar Ray) ने सोमवार को सांसद पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
रे ने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति को भेजते हुए कहा कि वह पश्चिम बंगाल की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करते हुए यह फैसला ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने राज्य में पिछले 15 वर्षों के शासन, भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ कथित अत्याचारों के खिलाफ अपना मत दिया है।
इस्तीफा देते हुए रे ने लैटिन कहावत "Vox Populi, Vox Dei" (जनता की आवाज ही ईश्वर की आवाज है) का उल्लेख किया और कहा कि वह जनभावनाओं का सम्मान कर रहे हैं।
कई और सांसदों के इस्तीफे की चर्चा
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, टीएमसी के कई सांसद पार्टी छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी अन्य सांसद ने आधिकारिक तौर पर इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं तेज हैं।
सूत्रों का कहना है कि कुछ सांसद संसद में अलग समूह बनाने या भविष्य में किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ जाने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहे हैं। हालांकि इस संबंध में अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
AAP जैसी स्थिति बनने की अटकलें
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि बड़ी संख्या में सांसद पार्टी छोड़ते हैं तो संसद में टीएमसी को वैसी ही स्थिति का सामना करना पड़ सकता है जैसी हाल में कुछ अन्य दलों को करनी पड़ी थी। दल-बदल कानून के तहत यदि किसी संसदीय दल के दो-तिहाई सदस्य अलग होकर नया समूह बनाते हैं, तो उसे वैध विभाजन माना जा सकता है।
INDIA गठबंधन की बैठक के बीच घटनाक्रम
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल हैं।
सूत्रों का दावा है कि आने वाले घंटों में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है तथा पार्टी के भीतर से और बड़े राजनीतिक फैसले सामने आ सकते हैं। हालांकि टीएमसी की ओर से अभी तक इन अटकलों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
