Delhi-Shimla Air Service : खराब मौसम के चलते बादलों के फेर में फंसी दिल्ली-शिमला की पहली उड़ान
जुब्बड़हट्टी में लैंडिंग नहीं कर सका विमान, सुरक्षा के मद्देनजर चंडीगढ़ में उतारना पड़ा
Delhi-Shimla Air Service : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला को आसमान के रास्ते देश से जोड़ने की नई उम्मीदों पर पहले ही दिन मौसम ने पानी फेर दिया। रविवार को दिल्ली से शुरू हुई सीधी हवाई सेवा की पहली ही फ्लाइट खराब मौसम और बेहद कम विजिबिलिटी (दृश्यता) के चक्रव्यूह में ऐसी फंसी कि जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर उतर ही नहीं सकी। एलायंस एयर के इस विमान को अंततः हवा में ही रास्ता बदलकर चंडीगढ़ में सुरक्षित उतारना पड़ा। हालांकि, इस शुरुआती झटके के बावजूद दिल्ली-शिमला हवाई सेवा का औपचारिक आगाज हो चुका है और सोमवार से शिमला-धर्मशाला रूट पर भी आसमान का सफर शुरू हो जाएगा।
दृश्यता कम होने से डायवर्ट करना पड़ा विमान
दिल्ली से उड़ान भरने के बाद जब विमान शिमला के ऊपर पहुंचा, तो वहां घने बादलों और धुंध की वजह से रनवे स्पष्ट नहीं था। काफी देर तक जुब्बड़हट्टी के ऊपर चक्कर लगाने के बाद, पायलट ने जोखिम न लेते हुए विमान को चंडीगढ़ मोड़ने का फैसला किया। पर्यटन सीजन के दौरान शुरू हुई इस सेवा से यात्रियों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन मौसम की बेरुखी ने पहले दिन के सफर में बाधा डाल दी। अधिकारियों का कहना है कि आगामी उड़ानों के लिए मौसम के पूर्वानुमान पर पैनी नजर रखी जा रही है।
दिल्ली-शिमला उड़ानों का समय-सारणी
दिल्ली-शिमला-दिल्ली हवाई सेवा सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोड़कर) संचालित की जाएगी।
सोमवार से शुक्रवार: उड़ान दिल्ली से सुबह 7:20 बजे प्रस्थान कर 8:35 बजे शिमला पहुंचेगी। वापसी की उड़ान शिमला से सुबह 11:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
शनिवार: दिल्ली से रवानगी सुबह 7:50 बजे और शिमला से वापसी दोपहर 12:00 बजे होगी।
रविवार: दिल्ली से सुबह 6:20 बजे विमान शिमला के लिए उड़ेगा और शिमला से वापसी सुबह 8:00 बजे तय की गई है।
धर्मशाला के लिए सोमवार से सेवा शुरू
शिमला-धर्मशाला-शिमला हवाई सेवा सोमवार (11 मई) से सप्ताह में पांच दिन (सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार) संचालित की जाएगी। सोमवार से शुक्रवार तक यह उड़ान शिमला से सुबह 9:00 बजे चलकर 9:50 बजे धर्मशाला पहुंचेगी और वापसी धर्मशाला से सुबह 10:15 बजे होगी। शनिवार को शिमला से प्रस्थान सुबह 9:30 बजे और धर्मशाला से वापसी सुबह 10:45 बजे होगी। नियमित संचालन से हिमाचल के पर्यटन कारोबार और आर्थिकी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

