Share Market Today: कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार में तेजी, आरबीआई की मौद्रिक नीति से पहले रुपया भी मजबूत
सेंसेक्स 390 अंक से अधिक उछला, निफ्टी 24,675 के पार; डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे मजबूत होकर 94.89 पर पहुंचा
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की लिवाली के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। निवेशकों की निगाहें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के फैसले पर भी टिकी हैं।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 397.59 अंक चढ़कर 78,826.54 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 62.70 अंक की बढ़त के साथ 24,677.60 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व के शेयर बढ़त में रहे। वहीं, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टाइटन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी चार प्रतिशत और जापान का निक्की 225 तीन प्रतिशत चढ़ा। चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,446.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 210.08 अंक और एनएसई निफ्टी 159.40 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
आरबीआई की मौद्रिक नीति से पहले रुपया 39 पैसे मजबूत होकर 94.89 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 39 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.89 पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति और प्रस्तावित हमलों पर रोक के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि निवेशकों की नजर अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति के फैसले पर है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.90 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद 94.89 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 39 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.80 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 375.01 अंक चढ़कर 78,803.96 अंक पर जबकि निफ्टी 62.7 अंक बढ़त के साथ 24,677.60 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.48 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

