Share Market: कच्चे तेल की तेजी से बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 628 अंक टूटा; रुपया 95.79 प्रति डॉलर
पश्चिम एशिया तनाव और विदेशी पूंजी की निकासी से निवेशकों की धारणा प्रभावित; निफ्टी भी 221 अंक फिसला, ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर के पार
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि से सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की निकासी से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 628.24 अंक फिसलकर 74,257.69 अंक पर और एनएसई निफ्टी 221.20 अंक टूटकर 23,255.10 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और एक्सिस बैंक के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही।
वहीं टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल और आईटीसी के शेयर बढ़त में रहे। एशिया के बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग काफी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 108.7 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 438.24 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 138.36 अंक और निफ्टी 46.30 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
रुपया शुरुआती कारोबार में 27 पैसे टूटकर 95.79 प्रति डॉलर
कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 27 पैसे टूटकर 95.79 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रिकॉर्ड विदेशी मुद्रा भंडार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का सक्रिय हस्तक्षेप और मजबूत घरेलू वृद्धि महत्वपूर्ण सहारा दे रहे हैं।
हालांकि, वैश्विक स्तर पर बढ़ती बॉन्ड प्रतिफल और 108 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चल रहा कच्चा तेल देश की आयात लागत पर भारी दबाव डाल रहे हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद यह टूटकर 95.79 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 27 पैसे की गिरावट है। रुपया बृहस्पतिवार को 44 पैसे टूटकर 95.52 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत चढ़कर 99.16 पर कारोबार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.76 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 108.45 डॉलर प्रति बैरल रहा।

