भारी गिरावट के बाद बाजार में हरियाली: सेंसेक्स 244 अंक उछला, निफ्टी 23200 पार; रुपया 3 पैसे टूटा
पिछले सत्र में 777 अंक की भारी गिरावट के बाद बुधवार को सेंसेक्स-निफ्टी में मूल्य आधारित खरीदारी से शुरुआती कारोबार में रिकवरी
घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद बुधवार को शुरुआती कारोबार में मूल्य आधारित खरीदारी से थोड़ा संभल गए। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले सतर्क रुख और विदेशी पूंजी की निकासी ने हालांकि बाजार की बढ़त को सीमित किया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 244.02 अंक चढ़कर 74,293.25 अंक पर और एनएसई निफ्टी 77.20 अंक की बढ़त के साथ 23,201.85 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचसीएल टेक, आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे।
वहीं इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इटर्नल के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.63 प्रतिशत फिसलकर 108.1 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया लेकिन इसकी कीमत अब भी ऊंची बनी हुई है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,977.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स मंगलवार को 777.94 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,003.82 अंक के तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 279.50 अंक यानी 1.19 प्रतिशत टूटकर 23,118.60 अंक पर बंद हुआ था, जो छह अप्रैल के बाद का सबसे निचला बंद स्तर था।
रुपया शुरुआती कारोबार में तीन पैसे टूटकर 95.91 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में तीन पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.91 पर आ गया। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और विदेशी पूंजी की निकासी का घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने स्थानीय मुद्रा को समर्थन दिया। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहने से रुपये पर दबाव रहा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.89 प्रति डॉलर पर खुला। फिर टूटकर 95.91 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 34 पैसे की गिरावट के साथ 95.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इससे पहले लगातार पांच कारोबारी सत्रों में रुपया 113 पैसे यानी एक प्रतिशत से अधिक कमजोर हुआ था। चार सितंबर को यह 94.43 के स्तर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत बढ़कर 99.38 पर रहा।

