Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Share Market: कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर के करीब, शेयर बाजार में भारी गिरावट; रुपया भी लुढ़का

Share Market: सेंसेक्स 500 अंक से अधिक टूटा, निफ्टी 23,506 के स्तर पर; अमेरिका-ईरान तनाव और होर्मुज से आपूर्ति बाधित होने की आशंका का असर

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Share Market: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंचने से घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 500.25 अंक फिसलकर 75,060.61 अंक पर और एनएसई निफ्टी 129.40 अंक लुढ़कर 23,506.10 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही। वहीं एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और अदाणी पोर्ट्स के शेयर बढ़त में रहे।

Advertisement

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट में बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.33 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Advertisement

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 123.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 555.23 अंक और निफ्टी 144.05 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

रुपया शुरुआती कारोबार में 21 पैसे टूटकर 94.95 प्रति डॉलर पर

रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 21 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.95 पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से रुपये पर दबाव रहा। अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंच गई हैं। हालांकि, विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि डॉलर में कमजोरी ने रुपये की गिरावट को कुछ हद तक सीमित रखा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 94.80 पर खुला। फिर 94.95 प्रति डॉलर पर लुढ़क गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 21 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 18 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.74 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.76 पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई।

Advertisement
×