Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Share Market Crash: भारतीय शेयर बाजार लड़खड़ाया, रुपया भी सर्वाधिक निचले स्तर पर

Share Market Crash: सेक्स शुरुआती कारोबार में 926.92 अंक फिसला

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Share Market Crash: वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और अमेरिका-ईरान संघर्ष जारी रहने से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई।

कच्चे तेल की कीमतों के 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बने रहने और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी निवेशकों को हतोत्साहित किया है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 926.92 अंक गिरकर 74,346.53 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 280.95 अंक की गिरावट के साथ 23,025.50 अंक पर पहुंच गया।

Advertisement

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटर्नल, इंटरग्लोब एविएशन और बजाज फिनसर्व के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही।

Advertisement

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और ट्रेंट के शेयर में बढ़त दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का 'कॉस्पी' और जापान का 'निक्केई' 225 घाटे में रहे, जबकि चीन का 'एसएसई कम्पोजिट' और हांगकांग का 'हैंगसेंग' फायदे में रहे।

अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.8 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,805.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,429.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

रामनवमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को शेयर बाजार बंद रहे थे। सेंसेक्स बुधवार को 1.63 प्रतिशत और निफ्टी 1.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

रुपया नए सर्वकालिक निचले स्तर पर

रुपया शुक्रवार को दोपहर के कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74 पैसे टूटकर 94.70 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया।

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया संकट का कोई समाधान न निकलने के बीच स्थानीय मुद्रा में गिरावट का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी से रुपया भारी दबाव में है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.18 पर खुला था, लेकिन दोपहर के कारोबार में यह फिसलते हुए 94.50 के स्तर को पार कर गया और अंततः पिछले बंद भाव के मुकाबले 74 पैसे की गिरावट के साथ 94.70 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक लुढ़क गया।

इससे पहले, बुधवार को रुपया 20 पैसे गिरकर 93.96 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।

रामनवमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को शेयर, विदेशी मुद्रा और जिंस बाजार बंद रहे थे दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.67 पर था।

Advertisement
×