फतेहाबाद में तीन घंटे तक बजता रहा SBI का सायरन, सिक्योरिटी गार्ड ने ताला खोला तो....
SBI Security Alert: फतेहाबाद शहर के रतिया चुंगी क्षेत्र में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में बृहस्पतिवार तड़के अचानक सायरन बजने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुआ सायरन लगभग तीन घंटे तक...
SBI Security Alert: फतेहाबाद शहर के रतिया चुंगी क्षेत्र में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में बृहस्पतिवार तड़के अचानक सायरन बजने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुआ सायरन लगभग तीन घंटे तक लगातार बजता रहा, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
करीब एक घंटे तक सायरन की आवाज आती रहने के बावजूद जब कोई गतिविधि नजर नहीं आई तो प्रोफेसर कॉलोनी निवासी एक जागरूक नागरिक ने सुबह करीब 6 बजे डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके साथ ही रतिया चुंगी पुलिस चौकी को भी मामले से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत बैंक शाखा पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बैंक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। बताया गया कि बैंक मैनेजर हिसार से आती हैं, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर शाखा तत्काल नहीं खोली जा सकी।
करीब तीन घंटे बाद, सुबह लगभग 8:15 बजे बैंक का सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचा और शाखा का ताला खोला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ बैंक के भीतर जाकर पूरी जांच की।
जांच में नहीं मिली कोई गड़बड़ी
जांच के दौरान बैंक परिसर में किसी भी तरह की चोरी, तोड़फोड़ या छेड़छाड़ के कोई निशान नहीं मिले। सभी सिस्टम, लॉकर और नकदी पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। इसके बाद सायरन को बंद किया गया, जिससे पुलिस, बैंक अधिकारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
तकनीकी खराबी की आशंका
सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि कई बार तकनीकी खराबी या चूहों की वजह से भी सायरन एक्टिव हो जाता है। पुलिस ने बैंक प्रबंधन को सलाह दी है कि वह सुरक्षा और अलार्म सिस्टम की तकनीकी जांच कराए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

