महंगा हुआ 'जीवन' बचाना, कैंसर दवाओं, टेटनस इंजेक्शन और बच्चों के टीकों की कीमतों में 50% तक बढ़ोतरी, NPPA ने दी मंजूरी
Drug Price Increase: NPPA ने स्पष्ट किया है कि कैंसर की दवाओं की संशोधित कीमतों की छह महीने बाद समीक्षा की जाएगी
Drug Price Increase: मरीजों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण फैसले में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख दवाओं, एंटी-टेटनस इम्युनोग्लोब्युलिन इंजेक्शन तथा बच्चों के टीकाकरण में उपयोग होने वाले कुछ जरूरी टीकों की कीमतों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। प्राधिकरण ने यह फैसला कच्चे माल की बढ़ती लागत और आपूर्ति में संभावित बाधाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया है।
Drug Price Increase: कैंसर की दवाओं के दाम 50% बढ़े
NPPA ने ड्रग्स प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (DPCO), 2013 के पैरा-19 के तहत विशेष अधिकारों का उपयोग करते हुए कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली दो महत्वपूर्ण दवाओं — कार्बोप्लैटिन (Carboplatin) और सिस्प्लैटिन (Cisplatin) — की अधिकतम कीमतों में 50 प्रतिशत की एकमुश्त वृद्धि की है।
अब कार्बोप्लैटिन 10 mg/ml इंजेक्शन की कीमत 90.74 रुपये प्रति मिलीलीटर और सिस्प्लैटिन 1 mg/ml इंजेक्शन की कीमत 10.89 रुपये प्रति मिलीलीटर निर्धारित की गई है।
NPPA के अनुसार, इन दवाओं के सक्रिय औषधीय घटकों (API) की कीमतों में पिछले कुछ वर्षों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे इनके उत्पादन और आपूर्ति पर संकट पैदा होने लगा था। अस्पतालों, ऑन्कोलॉजिस्ट और दवा निर्माताओं ने इन दवाओं की कमी और आपूर्ति में व्यवधान की शिकायत की थी।
Drug Price Increase: एंटी-टेटनस इम्युनोग्लोब्युलिन भी हुआ महंगा
NPPA ने एंटी-टेटनस इम्युनोग्लोब्युलिन इंजेक्शन की कीमतों में भी 50 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है। यह दवा फिलहाल केवल भारत सीरम्स एंड वैक्सीन्स लिमिटेड द्वारा बनाई जाती है।
नई कीमतों के अनुसार 250 IU वायल की कीमत 1,912.02 रुपये, जबकि 500 IU वायल की कीमत 2,881.19 रुपये होगी।
कंपनी का कहना था कि आयातित कच्चे माल, मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और बढ़ती उत्पादन लागत के कारण दवा का निर्माण आर्थिक रूप से व्यवहार्य नहीं रह गया था।
Drug Price Increase: बच्चों के टीकों की कीमतों में भी बढ़ोतरी
NPPA ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित तीन महत्वपूर्ण टीकों की कीमतों में भी संशोधन किया है। पहले लागू 17.10 प्रतिशत 'मोनोपॉली रिडक्शन' को हटाते हुए नई कीमतें तय की गई हैं।
नई कीमतें इस प्रकार हैं:
- बीसीजी (BCG) वैक्सीन: 8.20 रुपये से बढ़कर 9.89 रुपये प्रति डोज
- खसरा-रूबेला (Measles-Rubella) वैक्सीन: 72.90 रुपये से बढ़कर 87.93 रुपये प्रति वायलॉ
- खसरा (Measles) वैक्सीन: 51.40 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति वायल
Drug Price Increase: छह महीने बाद होगी समीक्षा
NPPA ने स्पष्ट किया है कि कैंसर की दवाओं की संशोधित कीमतों की छह महीने बाद समीक्षा की जाएगी। यदि कच्चे माल की कीमतों में उल्लेखनीय बदलाव होता है तो इससे पहले भी समीक्षा की जा सकती है।

