34 टूरिस्ट को बचाया, नहीं टाल सकता अपनी मौत; आखिरी पल तक निभाया फर्ज, फिर खुद बस पहिए के नीचे आकर कुर्बान हो गया ड्राइवर
उत्तराखंड : सूझबूझ से 34 यात्रियों की जान बचाने वाले बस चालक की पहिये से कुचलकर मौत
Uttarakhand Accident : उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक चालक ने अपनी सूझबूझ से रोडवेज बस में सवार 34 यात्रियों की जान बचा ली, लेकिन वह खुद वाहन के अगले पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उत्तराखंड परिवहन निगम के क्षेत्रीय मंडल टनकपुर के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश पांडे ने बताया कि घटना सुबह 10 बजे बारहमासी सड़क पर हुई, जब धारचूला से टनकपुर जा रही बस के ब्रेक चंपावत से 18 किलोमीटर पहले मरोड़ाखान के पास ढलान पर अचानक खराब हो गए।
पांडे के मुताबिक, बस में सवार 34 यात्रियों की जान बचाने के मकसद से चालक ने वाहन को रोकने के लिए उसे दाहिनी ओर पहाड़ी से टकरा दिया। उन्होंने बताया कि हालांकि इस दौरान चालक खुद छिटककर बस के अगले पहिये के नीचे आ गया, जिससे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पांडे के अनुसार, मृतक चालक की पहचान चंपावत के बडोली क्षेत्र निवासी बेनीराम थ्वाल (49) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना में एक महिला को हल्की चोट आई, जबकि बाकी सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

