Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Sagar poisonous liquor deaths : सागर में जहरीली शराब से 10 लोगों की मौत, 4 की हालत गंभीर

बंडा तहसील के चार गांवों में शनिवार-रविवार की रात शराब पीने के बाद बिगड़ी कई लोगों की तबीयत; प्रशासन ने शुरू की जांच

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Sagar poisonous liquor deaths : मध्यप्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात शराब पीने के बाद 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य की हालत गंभीर है। हालांकि, जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने कहा कि अभी यह जरूरी नहीं है कि मौतें जहरीली शराब के सेवन के कारण ही हुई हों। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर में ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब के सेवन से कुछ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि करीब नौ लोगों की मौत हुई है और कुछ लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। देवड़ा ने कहा कि आबकारी आयुक्त समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी बंडा में मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement

सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) देवेश पटेरिया ने कहा कि जहरीली शराब पीने से नौ से 10 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सागर जिला अस्पताल भेजा गया है।

Advertisement

हालांकि, सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने मौतों के कारण की पुष्टि नहीं की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कुछ लोग बीमार पड़े हैं और कुछ मौतें भी हुई हैं। सिविल अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है। नौराज और घूघर समेत आसपास के चिह्नित इलाकों में चिकित्सकों और अधिकारियों की टीमें तैनात की गई हैं।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति को कोई लक्षण महसूस हो तो वह तत्काल चिकित्सक से जांच कराए। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी मामलों पर नजर रख रहा है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व विधायक का दावा- शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि जहरीली शराब पीने के कारण नौ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

लोधी के अनुसार, परिजन बीमार लोगों को इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है।

उन्होंने उन लोगों से तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच कराने की अपील की, जिन्होंने पिछले दो-तीन दिनों में बंडा क्षेत्र की किसी दुकान या अवैध शराब विक्रेता से शराब खरीदी और पी थी तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी महसूस हो रही है।

मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीमें तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

इस बीच, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ग्वालियर में संवाददाताओं से कहा कि पूरे प्रदेश में ‘‘शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं।’’ पटवारी ने मुख्यमंत्री से नशे के माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Advertisement
×