अनुशासनहीनता पर शिअद की संयुक्त सचिव रूप कौर पार्टी से निष्कासित
Roop Kaur Sandhu Expelled : चावला मामले जैसे और मामलों के सामने आने का किया था दावा
Roop Kaur Sandhu Expelled : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने अपनी संयुक्त सचिव रूप कौर संधू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब रूप कौर ने दावा किया था कि एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह चावला से जुड़े मामले जैसे और मामले सामने आ सकते हैं।
स्त्री अकाली दल की अध्यक्ष हरगोबिंद कौर ने रूप कौर के निष्कासन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रूप कौर के खिलाफ बार-बार अनुशासनहीनता और कदाचार के चलते यह कार्रवाई की गई है। उनके अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया।
बहरीन की महिला को कैमरे के सामने लाया था
19 सितंबर को रूप कौर ने बहरीन की महिला को कैमरे के सामने पेश किया था। उन्होंने तख्त केसगढ़ साहिब की सराय में हुई घटना के संबंध में चावला के खिलाफ दर्ज एफआईआर में लगाए गए आरोपों को दोहराया था।
सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में रूप कौर ने दावा किया कि बहरीन की महिला के आरोप सार्वजनिक होने के बाद कई अन्य महिलाओं ने उनसे संपर्क किया और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने पंजाब और विदेशों में धार्मिक व राजनीतिक क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले कई लोगों के नाम बताए हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया।
रूप कौर ने दावा किया कि वह आने वाले दिनों में ऐसे लोगों के नाम और उनके कथित आचरण का खुलासा करेंगी। उन्होंने कहा कि वह ठोस साक्ष्य अकाल तख्त के समक्ष रखकर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई और कहा कि यदि वह सुरक्षित रहीं तो प्रस्तावित खुलासे जारी रखेंगी।

