Rohtak: सत्यवान अपहरण व हत्या मामले का मुख्य आरोपी प्रदीप डागर व साथी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Rohtak encounter: रोहतक पुलिस ने सत्यवान अपहरण व हत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप डागर और उसके साथी सोमबीर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगने के बाद...
Rohtak encounter: रोहतक पुलिस ने सत्यवान अपहरण व हत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप डागर और उसके साथी सोमबीर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगने के बाद उपचार के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक रोहतक ने बताया कि 20 फरवरी 2026 को गांव खरावड़ आउटर बाईपास पुल के पास गोलियों से छलनी एक ब्रेज़ा कार मिली थी। मौके पर खून और खोल बरामद हुए। जांच में युवक की पहचान सत्यवान पुत्र स्व. दिवान, निवासी खेड़ी साध (रोहतक) के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर थाना आईएमटी में मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात हमलावरों ने सत्यवान पर फायरिंग कर उसका अपहरण कर लिया था और वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। 24 फरवरी को कन्हेली-पहरावर रोड स्थित जेएनएल नहर से सत्यवान का शव बरामद हुआ। इससे पहले इस हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच देसी पिस्तौल और पांच राउंड बरामद किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में 2 मार्च 2026 को सीआईए-2 स्टाफ को सूचना मिली कि मामले में वांछित दो मुख्य आरोपी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने कन्हेली-पहरावर रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कुल 14 राउंड फायर हुए, जिनमें 9 फायर आरोपियों तथा 5 फायर पुलिस द्वारा किए गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप डागर पुत्र प्रताप निवासी झाड़ौदा कलां (दिल्ली) तथा सोमबीर पुत्र महेन्द्र निवासी मदीना (रोहतक) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गहनता से जांच जारी है।

