Road Accident: रफ्तार बनी मौत का कारण, तीन राज्यों में हादसे, 27 लोगों की जान गई
Road Accident: महाराष्ट्र में 11, गुजरात में 7, हापुड़ में 6 व फतेहपुर में 3 लोगों की मौत
Road Accident: देश के तीन राज्यों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। महाराष्ट्र के ठाणे, गुजरात के सुरेंद्रनगर और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर व हापुड़ में हुए हादसों में कुल मिलाकर 27 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कहीं वैन और सीमेंट मिक्सर की टक्कर हुई तो कहीं तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल श्रद्धालुओं को कुचल दिया। वहीं, कार और बस-ट्रक की भिड़ंत भी सामने आई। पुलिस सभी घटनाओं की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।
ठाणे जिले में एक वैन की सीमेंट मिक्सर से टक्कर हो जाने के बाद 11 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक पुल पर एक वैन की सीमेंट मिक्सर से टक्कर हो जाने के बाद 11 लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिला ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह दुर्घटना सुबह 10 बजकर करीब 45 मिनट पर मुरबाद के गोविली गांव में रायता पुल पर हुई।
अधिकारी ने बताया कि कल्याण से मुरबाद जा रही वैन विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट मिक्सर से टकरा गई। मुरबाद के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि वैन में सवार कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और दो घायलों को उल्हासनगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें से छह लोगों की पहचान कर ली गई है और अन्य पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कल्याण से अहिल्यानगर जाने वाली सड़क पर कुछ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और अब यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
गुजरात के सुरेंद्रनगर में ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। लखतर के पुलिस निरीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि यह घटना लखतर-विरमगाम राजमार्ग पर देर रात करीब 1.30 बजे उस समय घटी, जब तीर्थयात्रियों का एक समूह राजकोट से बहुचराजी मंदिर में दर्शन करने के लिए पैदल जा रहा था।
उन्होंने बताया कि जिले के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए श्रद्धालुओं को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि छह तीर्थयात्री और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्री पैदल जा रहे थे। वे बहुचराजी के एक मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।" प्रभारी पुलिस अधीक्षक वेदिका बिहानी ने बताया कि छह व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई और एक ने विरमगाम के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चार अन्य लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि कपास से लदा ट्रक राजकोट से आ रहा था। उन्होंने कहा, ''500 तीर्थयात्रियों का एक समूह छराड गांव की ओर पैदल जा रहा था, जहां उनकी रात में रुकने की योजना थी। तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। वे सड़क किनारे खड़े ट्रक को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।"
पुलिस अधिकारी ने बताया, "एक अन्य व्यक्ति की विरमगाम के गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति को राजकोट के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।'' पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान आदित्य उगानिया के रूप में हुई है और वह दुर्घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
बारातियों से भरी बस और ट्रक की भीषण टक्कर : छह लोगों की मौत
हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बारातियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य जख्मी हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गाजियाबाद के डासना निवासी यूनुस कुरैशी के बेटे की बारात बुलंदशहर के गुलावटी से 12-13 अप्रैल की रात लौट रही थी, तभी तड़के करीब तीन बजे धौलाना-गुलावटी मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनमें से दूल्हे के पिता यूनुस तथा पांच अन्य लोगों मुन्ना, यूसुफ, अख्तर, सोनू और बस चालक अशोक की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में सात अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें हापुड़ के मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात के समय कम दृश्यता को माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
फतेहपुर में तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
कानपुर के पड़ोसी जिले फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र में एक बेकाबू कार के तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार देने की घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई तथा चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गये। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव के पास बांदा-कानपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को भीषण टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में एक मोटरसाइकिल पर सवार सत्यवान सोनी (26) और मनोज सोनी (18) तथा दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार अन्नू सोनकर (40) की मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि बेकाबू कार द्वारा एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मारे जाने से उस पर सवार सुरेंद्र कुमार (30), उसकी बहन ममता देवी (35) और उसके बच्चे पल्लवी (8) एवं अर्पित (10) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उनमें से दो लोगों को गंभीर हालत के मद्देनजर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि यह हादसा एक पारिवारिक झगड़े से जुड़ा एक नाटकीय घटनाक्रम माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार चालक दीपक सोनी कथित तौर पर एक स्थानीय पुलिस चौकी पर झगड़े के बाद अपनी नाबालिग साली के साथ भाग रहा था और माना जा रहा है कि कुछ लोग मोटरसाइकिल से उसका पीछा कर रहे थे।
बिंदकी के थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार राव ने बताया, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि कार चालक ने जानबूझकर पीछा कर रही मोटरसाइकिल को टक्कर मारी होगी। हालांकि मामले की जांच के बाद ही इस बारे में कुछ स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा।" उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

