ऋषभ पंत का रात 12.46 पर CM धामी को X पोस्ट, लिखा- अपनों के बीच रहना चाहता हूं मुझे उत्तराखंड में जमीन दिला दो
पंत ने X पर सीएम पुष्कर सिंह धामी से की अपील, कहा- दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहता हूं, सरकारी दर पर जमीन खरीदने को तैयार हूं, ब्रांड एंबेसडर के तौर पर मिला जमीन का वादा भी अधूरा
भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पिछले वित्त वर्ष में करीब 23 करोड़ 84 लाख रुपये टैक्स चुकाकर उत्तराखंड के सबसे बड़े इंडिविजुअल टैक्सपेयर का खिताब हासिल किया था, लेकिन जिस राज्य के लिए वह सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले बने, उसी राज्य में अपने घर के लिए उन्हें तीन साल से दर-दर भटकना पड़ रहा है। पंत ने अब सीधे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत ने शुक्रवार देर रात 12.46 बजे X पर पोस्ट कर लिखा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें रहने के लिए सही जगह नहीं मिल पा रही है।"
पंत ने लिखा, "नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते मेरे लिए यह एक लंबा समय रहा है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड में घर के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे यहां रहने के लिए कोई सही जगह नहीं मिल सकी है। मुझे अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है।"
उन्होंने आगे लिखा, "आपसे मेरा विनम्र निवेदन है कि जमीन दिलाने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल सही तरीके से जमीन मिलना एक बुरे सपने की तरह बन गया है। यहां तक कि मेरी एक अन्य जमीन भी बकाया है जो मुझे उस समय मिलनी चाहिए थी जब मैं उत्तराखंड का ब्रांड एंबेसडर बनकर राज्य का प्रचार-प्रसार किया था।" पंत ने कहा कि वह अपने पैतृक स्थान लौटकर क्षेत्र के विकास में मदद करना चाहते हैं और "अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस बसना" चाहते हैं।
सरकारी दर पर खरीदने को तैयार
ऋषभ पंत ने यह भी साफ किया कि वह जमीन गिफ्ट में नहीं, बल्कि सरकारी दरों पर खरीदना चाहते हैं। उन्होंने लिखा, "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए गिफ्ट मिलना बहुत अच्छी बात होगी, लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं इसे सरकार से और सरकारी दरों पर ही खरीदना चाहता हूं, ताकि कम से कम मैं अपने ही राज्य में अपना पहला घर बना सकूं।"
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत की जमीन की गुहार पर CM धामी का जवाब, बोले- उत्तराखंड के गौरव हैं आप
दिल्ली से मिली पहचान
हालांकि ऋषभ पंत उत्तराखंड के मूल निवासी हैं, लेकिन उन्हें क्रिकेट में पहचान दिल्ली से मिली। वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं। भारत के लिए अब तक पंत 50 टेस्ट, 31 वनडे और 76 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।अब देखना होगा कि सीएम धामी पंत की इस अपील पर क्या कदम उठाते हैं।

