ऋषभ पंत की जमीन की गुहार पर CM धामी का जवाब, बोले- उत्तराखंड के गौरव हैं आप
पंत ने उत्तराखंड में घर बनाने के लिए जमीन दिलाने की सीएम से मांगी थी मदद; धामी ने अधिकारियों को जल्द संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग के निर्देश दिए
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की उत्तराखंड में अपना घर बनाने के लिए जमीन दिलाने की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब दिया है। धामी ने पंत के एक्स पोस्ट पर कमेंट करते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया और संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्या के समाधान के लिए निर्देशित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री धामी ने लिखा, “प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।” उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और यहां लौटकर योगदान देने की भावना सराहनीय है।
धामी ने आगे कहा कि पंत द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।
पंत ने सीएम से मांगी थी मदद
इससे पहले पंत ने शुक्रवार देर रात एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री से उत्तराखंड में घर के लिए जमीन खरीदने में मदद मांगी थी। उन्होंने कहा था कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड में स्थानांतरित करना चाहते हैं, लेकिन पिछले करीब तीन वर्षों से उन्हें रहने के लिए उपयुक्त जगह नहीं मिल पा रही है।
यह भी पढ़ेंः ऋषभ पंत का रात 12.46 पर CM धामी को X पोस्ट, लिखा- अपनों के बीच रहना चाहता हूं मुझे उत्तराखंड में जमीन दिला दो
पंत ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा था कि वह उत्तराखंड के मूल निवासी हैं और उन्हें अपने राज्य से बहुत प्यार है। उन्होंने जमीन खरीदने में मदद का अनुरोध करते हुए कहा कि आजकल सही तरीके से जमीन मिलना “एक बुरे सपने की तरह” हो गया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी एक अन्य जमीन का मामला भी लंबित है, जो उन्हें उस समय मिलनी थी जब वह उत्तराखंड के ब्रांड एंबेसडर बनकर राज्य का प्रचार-प्रसार कर रहे थे।
सरकारी दर पर जमीन खरीदना चाहते हैं पंत
पंत ने स्पष्ट किया कि वह जमीन किसी उपहार के रूप में नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि वह सरकार से सरकारी दर पर जमीन खरीदना चाहते हैं, ताकि उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकें। पंत ने कहा कि वह अपने पैतृक स्थान लौटकर क्षेत्र के विकास में योगदान देना चाहते हैं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच फिर से बसना चाहते हैं।
उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता बने थे पंत
गौरतलब है कि पंत ने पिछले वित्त वर्ष में करीब 23.84 करोड़ रुपये का टैक्स चुकाया था। इसके साथ ही वह उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता बने थे। हालांकि क्रिकेट में उनकी पहचान दिल्ली से बनी। वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। पंत ने भारत के लिए अब तक 50 टेस्ट, 31 वनडे और 76 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

