RIP Asha Bhosle : आशा भोसले के निधन पर राहुल गांधी ने जताया गहरा शोक, बोले- आवाज के जरिए रहेंगी हमेशा जिंदा
आशा भोसले अपनी आवाज से अमर रहेंगी : राहुल गांधी
RIP Asha Bhosle : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया। राहुल ने कहा कि भोसले की कला उनकी आवाज के माध्यम से लोगों के दिलों में हमेशा अमर रहेगी। अपनी अनूठी आवाज के बूते बहन भारत रत्न लता मंगेशकर की छाया से बाहर निकलकर उन्होंने हिंदी पार्श्व गायन में अपना अलग मुकाम स्थापित किया। भोसले का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्षीय की थीं।
आशा भोसले को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हिंदी में लिखे एक संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि महान गायिका आशा भोसले के निधन की खबर बेहद दुखद है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ''आशा भोसले की कला उनकी आवाज के माध्यम से हम सबके दिलों में हमेशा अमर रहेगी। इस दुख की घड़ी में, मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।''
आशा भोसले का विवाह 1949 में 16 वर्ष की उम्र में गणपतराव भोसले से हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपने सहयोगी संगीतकार आर डी बर्मन से विवाह किया। गायिका के पुत्र आनंद ने बताया कि अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। आनंद ने पत्रकारों से कहा, ''लोग सोमवार को सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित 'कासा ग्रांडे' में उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकते हैं, जहां वह रहती थीं। उनका अंतिम संस्कार शाम चार बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।''

