Rihanna India Visit: मुंबई पहुंचीं रिहाना, ‘फेंटी ब्यूटी’ इवेंट में लेंगी हिस्सा
Rihanna India Visit: काले परिधान में एयरपोर्ट पर नजर आईं ग्रैमी विजेता सिंगर; ईशा अंबानी से मुलाकात और जामनगर दौरे की चर्चा
Rihanna India Visit: विश्व स्तर पर लोकप्रिय गायिका रिहाना एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए मुंबई पहुंची हैं। काले रंग की ड्रेस पहने ग्रैमी पुरस्कार विजेता बृहस्पतिवार शाम यहां हवाई अड्डे पर दिखीं, जहां उन्होंने हाथ हिलाकर पैपराजी का अभिवादन किया और फिर अपनी कार में बैठ गईं।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, रिहाना अपने ब्रांड 'फेंटी ब्यूटी' से जुड़े एक खास कार्यक्रम के लिए मुंबई पहुंची हैं। 'फेंटी ब्यूटी की हवेली पॉप-अप' नाम का यह कार्यक्रम शुक्रवार शाम दक्षिण मुंबई के एक मॉल में आयोजित किया जाएगा।
खबरों के अनुसार, गायिका रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की बोर्ड सदस्य ईशा अंबानी पीरामल से मुलाकात कर सकती हैं और जामनगर की यात्रा भी कर सकती हैं। हालांकि, उनकी यात्रा के उद्देश्य के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह रिहाना की भारत की दूसरी यात्रा है।
इससे पहले उन्होंने मार्च 2024 में गुजरात के जामनगर शहर में अरबपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत और राधिका मर्चेंट के भव्य 'प्री-वेडिंग' समारोह में प्रस्तुति दी थी। रिहाना 'डायमंड्स', 'वेयर हैव यू बीन', 'रूड बॉय' और 'पोर इट अप' जैसे गीतों के लिए जानी जाती हैं।

