Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Republic Day 2026 : गणतंत्र दिवस पर दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, महिला व बुजुर्ग कैदियों को मिलेगी सजा में छूट

दिल्ली सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कैदियों के लिए सजा में छूट की घोषणा की

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Republic Day 2026 : दिल्ली सरकार ने रविवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुछ श्रेणियों के दोषियों की सजा माफ करने की घोषणा की। गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह छूट दिल्ली की अदालतों द्वारा सजा सुनाए गए दोषियों और 26 जनवरी तक जेल में बंद कैदियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत निर्धारित शर्तों के अधीन लागू होगी।

इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, 65 वर्ष से अधिक आयु की और 10 वर्ष से अधिक की सजा काट रही महिला कैदियों को 90 दिन की छूट मिलेगी, जबकि पांच वर्ष से अधिक और 10 वर्ष तक की सजा काट रही महिलाओं को 60 दिन की छूट मिलेगी। बयान में कहा गया कि एक वर्ष से लेकर पांच वर्ष तक की सजा काट रहे कैदियों को 30 दिन की छूट दी जाएगी, और एक वर्ष तक की सजा काट रहे कैदियों को 20 दिन की छूट मिलेगी।

Advertisement

इसमें कहा गया कि अन्य सभी कैदियों के लिए, 10 साल से अधिक की सजा काट रहे लोगों के लिए 60 दिन, पांच साल से अधिक से लेकर 10 साल तक की सजा काट रहे लोगों के लिए 45 दिन, एक साल से अधिक से लेकर पांच साल तक की सजा काट रहे लोगों के लिए 30 दिन और एक साल की सजा काट रहे लोगों के लिए सजा में 15 दिन की छूट दी जाएगी। सूद ने कहा कि यह विशेष छूट दिल्ली कारागार नियम, 2018 के तहत मिलने वाली नियमित छूट के अतिरिक्त होगी।

Advertisement

उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक पैरोल या फरलो पर चल रहे कैदी भी पात्र होंगे, बशर्ते उस अवधि के दौरान उनके किसी भी दुर्व्यवहार की रिपोर्ट न की गई हो। सूद ने कहा कि यह लाभ केवल उन दोषियों को दिया जाएगा जिन्हें 26 जनवरी, 2025 से 25 जनवरी, 2026 तक पिछले एक वर्ष में किसी भी कारागार अपराध के लिए दंडित नहीं किया गया है। बयान के अनुसार, हालांकि, कुछ श्रेणियों के कैदियों को इस छूट से बाहर रखा गया है, जिनमें मृत्युदंड या आजीवन कारावास की सजा पाए लोग और सरकारी बकाया की चोरी के लिए जेल में बंद दोषी शामिल हैं।

इसमें कहा गया कि एनडीपीएस अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, जासूसी संबंधी अपराधों, कोर्ट मार्शल मामलों, न्यायालय की अवमानना, भारतीय न्याय संहिता के तहत महिलाओं के खिलाफ अपराधों और परक्राम्य लिखत अधिनियम जैसे निर्दिष्ट दीवानी अपराधों के तहत दोषी ठहराए गए कैदी भी अपात्र हैं।

बयान के अनुसार, गृह मंत्रालय द्वारा अधिसूचित अपवाद श्रेणियों के अंतर्गत आने वाले मामलों को भी, जिनमें संविधान की संघ सूची में शामिल विषयों से संबंधित अपराध शामिल हैं, सजा में छूट के दायरे से बाहर रखा गया है। गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानूनी एवं संवैधानिक प्रावधानों का पालन करने के साथ-साथ सुधारात्मक न्याय के प्रति प्रतिबद्ध है।

Advertisement
×