Rajya Sabha Elections 2026 : क्रॉस-वोटिंग पर कांग्रेस का एक्शन, ओडिशा के 3 विधायक निलंबित
इन विधायकों ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान राय के पक्ष में वोट दिया था
Rajya Sabha Elections 2026 : ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान करने और उन्हें राज्यसभा चुनाव जीतने में मदद करने के लिए अपने तीन विधायकों को मंगलवार को निलंबित कर दिया। इन विधायकों में सनाखेमुंडी के रमेश चंद्र जेना, मोहना के दशरथी गोमांगो और बाराबती-कटक की सोफिया फिरदौस शामिल हैं।
पार्टी के अनुसार, इन विधायकों ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान राय के पक्ष में वोट दिया था। निलंबन की घोषणा करते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जो लोग कांग्रेस के साथ विश्वासघात करते हैं, वे राष्ट्र के साथ विश्वासघात करते हैं। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरबिंद दास ने कहा कि उनके कृत्यों की सावधानीपूर्वक समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।
इन कृत्यों को पार्टी के हितों के लिए हानिकारक माना गया। पार्टी की इस कार्रवाई की सूचना अध्यक्ष को दी जाएगी ताकि उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित किया जा सके। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि इन विधायकों से इस तरह के विश्वासघात की उम्मीद नहीं थी। हम सुनिश्चित करेंगे कि संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित किया जाए।
पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को इस फैसले की जानकारी दे दी गई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम ने विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी को पत्र लिखकर तीनों विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग की। इन विधायकों ने राज्यसभा चुनावों में 'क्रॉस वोटिंग' की थी और यह पार्टी व्हिप का स्पष्ट उल्लंघन और दलबदल के बराबर था। 'उनके आचरण ने न केवल पार्टी अनुशासन को कमजोर किया है, बल्कि यह उस लोकतांत्रिक जनादेश के भी विरुद्ध है, जिसके तहत वे चुने गए थे।'

