Rajasthan Civic Elections : राजस्थान नगर निकाय चुनाव में BJP की बड़ी जीत, PM मोदी बोले- ‘झूठ की गूंज’ पर ‘सच की जीत’
झूठ की गूंज पर सच की जीत : राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों पर प्रधानमंत्री मोदी
Rajasthan Civic Elections : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन को "झूठ की गूंज" पर "सच की जीत" का सबूत करार दिया। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने के लिए जनता-जनार्दन का हृदय से आभार। यह झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है।"
प्रधानमंत्री ने लिखा, "यहां (राजस्थान) के मेरे परिवारजनों के इस जनादेश से एक बार फिर साफ हो गया है कि 'डबल इंजन' सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को उनका पूरा समर्थन है। इससे राज्य को प्रगति की नयी ऊंचाई पर ले जाने के साथ ही जन-जन के जीवन में खुशहाली लाने का हमारा संकल्प भी और सशक्त होगा। इस अवसर पर सभी विजयी प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को मेरी बहुत-बहुत बधाई।"
राजस्थान में शहरी निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस पर बढ़त बनाते हुए 4,179 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने 3,613 वार्ड जीते। भाजपा ने राज्य के 10 नगर निगमों में से चार में स्पष्ट बहुमत हासिल किया।

