Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Raja Murder Case : 'हमने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है', भाई ने किया सोनम से दूरी का दावा

वह सोनम को इंदौर स्थित अपने घर में नहीं रखेंगे

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी को लेकर उसके बड़े भाई गोविंद रघुवंशी ने दावा किया कि उनके परिवार ने इस बहुचर्चित प्रकरण की मुख्य आरोपी को उसके हाल पर छोड़ दिया है। इंदौर के कारोबारी ने यह भी कहा कि उन्होंने बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।

गोविंद ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब ईस्ट खासी हिल्स की अदालत में सोनम की जमानत अर्जी मंगलवार को मंजूर होने के बाद उसके और राजा के परिवारों के बीच का भावनात्मक तनाव सतह पर आ गया है। राजा के परिवार ने सोनम के मायके पक्ष पर जुबानी हमले तेज कर दिए हैं। गोविंद रघुवंशी ने कहा कि सोनम की जमानत याचिका के बारे में मुझे कोई भी जानकारी नहीं थी। उसे जमानत मिलने की खबर मुझे मीडिया से हासिल हुई। मैंने अपनी बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।

Advertisement

बहरहाल, सोनम को जमानत मिलने के बाद जेल से उसकी रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उसके पिता देवी सिंह रघुवंशी शिलांग में नजर आए थे। इस बारे में पूछे जाने पर गोविंद ने दावा किया कि उनके पिता 'अदालत के आदेश' पर शिलांग पहुंचे थे और वहां से लौट गए हैं। हमने सोनम को उसके हाल पर छोड़ दिया है। गोविंद ने कहा कि उनके परिवार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह सोनम को इंदौर स्थित अपने घर में नहीं रखेंगे। सोनम को मिली जमानत की शर्तों में यह बात भी शामिल है कि वह ईस्ट खासी हिल्स की अदालत की उचित अनुमति के बिना इस क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगी।

Advertisement

सोनम को जमानत मिलने के बाद राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने कहा कि हत्याकांड की मुख्य आरोपी और उसके साथियों से उन्हें जान का खतरा है। विपिन ने सोनम के परिवार पर झूठ बोलने और विश्वासघात का आरोप भी लगाया है। उधर, गोविंद ने कहा कि वह विपिन के इन आरोपों पर 'नि:शब्द' हैं और "राजा का परिवार अपने हित में किसी भी कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेने के लिए स्वतंत्र है।

राजा रघुवंशी हत्याकांड नाटकीयता से भरे कई भावनात्मक घटनाक्रमों का गवाह रहा है। इस मामले में सोनम की गिरफ्तारी के बाद गोविंद 11 जून 2025 को अचानक राजा के घर पहुंच गए थे और अपने दिवंगत जीजा की मां से लिपटकर फूट-फूटकर रोए थे।

Advertisement
×