राहुल गांधी ने शुरू किया ‘सत्याग्रह’ अभियान, अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों से मांगी उनकी कहानी
बोले- Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अक्सर अकेले लड़ रहे; कहानियों को नक्शे पर जोड़ने की पहल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देशभर में अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक मंच पर लाने के लिए ‘सत्याग्रह’ पहल शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने लोगों से अपने संघर्ष और अन्याय से जुड़ी कहानी साझा करने की अपील की है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने Gen Z, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अकेले उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है।
‘कहानियों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल’
राहुल गांधी ने कहा कि ‘सत्याग्रह’ ऐसी ही आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है। उनके मुताबिक, इसके जरिये लोग अपनी कहानी साझा कर सकेंगे और यह देख सकेंगे कि देश में उनकी तरह और कौन लोग अपने अधिकारों या किसी मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि बापू ने सिखाया था कि सच सबसे बड़ा हथियार है और सच के साथ एकता में खड़ा होना उससे भी बड़ा हथियार है।
देशभर में लोग अपने हक़ के लिए लड़ रहे हैं - और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं।
Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएँ - हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज़ अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है।
'सत्याग्रह' इन्हीं आवाज़ों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है।
बापू ने यही सिखाया था… pic.twitter.com/X8jUwnyLBO
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 3, 2026
‘दो मिनट लगेंगे, अपनी कहानी भेजिए’
राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी साझा करें। उन्होंने कहा कि कहानी भेजने में करीब दो मिनट लगेंगे और उसे एक नक्शे पर प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह लोगों की ओर से साझा की गई कहानियों को देखेंगे और जहां संभव होगा, उनकी मदद करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में संसद में, सड़क पर या पत्र के माध्यम से जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह लोगों के साथ खड़े होने की कोशिश करेंगे।
वेबसाइट पर साझा की जा सकती है कहानी
राहुल गांधी की वेबसाइट पर लोगों से अपनी आवाज और चिंताएं साझा करने के लिए पहले से भी एक पहल ‘आवाज भारत की’ उपलब्ध है, जिसमें नागरिक अपनी बात सीधे उनके कार्यालय तक पहुंचा सकते हैं।
‘सत्याग्रह’ पहल के तहत राहुल गांधी ने लोगों से अपनी कहानी साझा करने का आह्वान किया है। यह पहल ऐसे समय सामने आई है जब उनकी वेबसाइट पर ‘भारत जोड़ो यात्रा’, ‘वोट चोरी’ और ‘छात्रों की गूंज’ समेत विभिन्न अभियानों के जरिए लोगों से जुड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

