Rahul Gandhi House Protest: राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया; सुरक्षा बढ़ाई
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में टिप्पणियों के बाद किया गया था कुछ लोगों द्वारा प्रदर्शन का ऐलान
अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में राहुल गांधी द्वारा दिए जा रहे बयानों के बाद कुछ साधु संतो व लोगों ने उनके दिल्ली स्थित आवास के बाहर शुक्रवार को प्रदर्शन की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की सूचना के बाद राहुल गांधी के आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई और दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई।
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। प्रदर्शनकारियों में कुछ साधु-संत भी शामिल थे। यह विवाद अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सामने आया है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव संसद भवन परिसर में साधु के भेष में पहुंचे थे। इसके बाद कुछ साधु-संतों ने संसद परिसर में उनके इस रूप और राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से जुड़े बयानों को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस पूरे मामले को लेकर संसद परिसर में राजनीतिक नाटक किया गया और धार्मिक आस्था से जुड़े विषय को राजनीतिक मुद्दा बनाया गया। इसी के विरोध में कुछ साधु-संतों ने राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन का ऐलान किया था।
#WATCH | दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे साधुओं समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/4SaZxw8oqq
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 7, 2026
राहुल गांधी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ी
प्रदर्शन की घोषणा के बाद राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

