CBSE रिजल्ट विवाद पर राहुल गांधी का हमला, बोले- “यह गलती नहीं, सुनियोजित षड्यंत्र”
CBSE Result Controversy: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और CBSE पर साधा निशाना, परीक्षा प्रक्रिया में ‘षड्यंत्र’ का लगाया आरोप
CBSE Result Controversy: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सीबीएसई (CBSE) परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि CBSE परीक्षा परिणामों में “भयंकर हेर-फेर” हुआ है, जिससे लाखों छात्र और उनके अभिभावक सदमे में हैं।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर न जवाब दे रही है, न जिम्मेदारी ले रही है और न ही शर्म महसूस कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि CBSE की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा ठेका जिस कंपनी COEMPT (कोएम्प्ट एडुटैक प्राइवेट लिमिटेड) को दिया गया, वह पहले ‘Globarena’ नाम से तेलंगाना में वर्ष 2019 में भी विवादों में घिर चुकी है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कंपनी का नाम बदल गया, लेकिन उसकी कार्यशैली और मंशा वही रही।
CBSE परीक्षा परिणाम में भयंकर हेर-फेर हो गई जिससे देश के लाखों बच्चे और उनके माता-पिता सदमे में हैं।
और मोदी जी? हमेशा की तरह - न जवाब, न ज़िम्मेदारी, न शर्म।
जिस कंपनी COEMPT को यह ज़िम्मेदारी मिली, वह पहले Globarena के नाम से तेलंगाना में 2019 में यही कारनामे कर चुकी है।
नाम… pic.twitter.com/iZG8bvUXPJ
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 27, 2026
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि ऐसी कंपनी को 18.5 लाख छात्रों के भविष्य से जुड़ा काम आखिर क्यों सौंपा गया। उन्होंने पूछा कि COEMPT को CBSE का ठेका किसके निर्देश पर दिया गया और इस प्रक्रिया में किन नियमों तथा प्रक्रियाओं को नजरअंदाज किया गया।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यदि कंपनी पहले विवादों में रही है तो CBSE द्वारा उसका बैकग्राउंड चेक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने COEMPT प्रबंधन और केंद्र सरकार के बीच संबंधों की भी जांच की मांग उठाई।
कांग्रेस नेता ने पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच और विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग करते हुए कहा कि इस कथित घोटाले के असली दोषियों को सामने लाया जाना चाहिए।
अपने पोस्ट में उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और भविष्य को कोई नहीं छीन सकता तथा कांग्रेस इस पूरे मामले की तह तक जाएगी।
