Ragging in medical colleges: देहरादून में सरकारी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग, 24 मेडिकल छात्रों पर लगा जुर्माना
Ragging in medical colleges: देहरादून स्थित सरकारी दून मेडिकल कॉलेज, पटेल नगर में रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर एमबीबीएस छात्रों ने जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की और बेल्ट से पिटाई की।...
Ragging in medical colleges: देहरादून स्थित सरकारी दून मेडिकल कॉलेज, पटेल नगर में रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर एमबीबीएस छात्रों ने जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की और बेल्ट से पिटाई की। घटना के बाद से पीड़ित छात्र मानसिक रूप से परेशान और भय के माहौल में जीने की बात कह रहे हैं।
कॉलेज प्रशासन को दी गई लिखित शिकायत में वर्ष 2025 बैच के एक छात्र ने बताया कि घटना के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर सता रहा है। शिकायत सामने आने के बाद कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर कॉलेज प्रशासन ने अनुशासनहीनता के दोषी पाए गए 24 छात्रों पर जुर्माना लगाया है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक है और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि एंटी-रैगिंग कमेटी मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, डिसिप्लिन कमेटी द्वारा छात्रों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसर में रैगिंग और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित छात्रों के खिलाफ निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
घटना के बाद छात्र सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित छात्रों को पूरा संरक्षण दिया जाएगा।

