Punjabi Youth Shooting : क्या ‘गलत पहचान’ बनी मौत की वजह, कनाडा में दो पंजाबी छात्रों की हत्या से परिवार सदमे में
जिस कार में दोनों युवक बैठे थे, वह उनकी नहीं थी
Punjabi Youth Shooting : कनाडा के एडमॉन्टन शहर में पंजाब के दो युवकों की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने दोनों परिवारों को सदमे में डाल दिया है। परिजनों को आशंका है कि यह वारदात ‘गलत पहचान’ का नतीजा हो सकती है, क्योंकि जिस कार में दोनों युवक बैठे थे, वह उनकी नहीं थी। यह घटना स्थानीय समय के अनुसार शुक्रवार तड़के हुई।
मृतकों की पहचान 27 वर्षीय गुरदीप सिंह और 19 वर्षीय रणवीर सिंह के रूप में हुई है। गुरदीप पंजाब के बर्रे गांव के निवासी थे और करीब 2 साल पहले कनाडा गए थे, जहां वह वर्क परमिट की मंजूरी का इंतजार कर रहे थे। रणवीर मानसा जिले के उद्दत सैदेवाला गांव से थे और लगभग 1.5 साल पहले उच्च शिक्षा के लिए विदेश गए थे।
परिवार के अनुसार, दोनों युवक एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी से निकलकर जैसे ही कार में बैठे, तभी दूसरी गाड़ी में सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गए। उस समय रणवीर ड्राइविंग सीट पर थे, जबकि गुरदीप आगे की सीट पर बैठे थे। कार में पीछे कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
रणवीर के चाचा मनदीप सिंह ने बताया कि रणवीर की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही उसका कभी किसी विवाद से कोई संबंध रहा। परिवार को पूरा भरोसा है कि हमलावर किसी और को निशाना बनाना चाहते थे और दोनों युवक गलत पहचान का शिकार हो गए।
परिजनों के मुताबिक, रणवीर को गोली लगी, जबकि गुरदीप की मौत छर्रे लगने से हुई मानी जा रही है। रणवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और किसान परिवार से ताल्लुक रखता था। परिजन चाहते थे कि वह भारत में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करे, लेकिन रणवीर विदेश जाकर अपने सपनों को पूरा करना चाहता था। उसके कई रिश्तेदार पहले से ही कनाडा में रह रहे हैं।
कनाडाई पुलिस ने अब तक इस दोहरे हत्याकांड के पीछे किसी ठोस कारण का खुलासा नहीं किया है। मामले की जांच जारी है और परिजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

