Unseasonal Rain : पंजाब में बेमौसम बरसात ने तोड़े रिकॉर्ड: अप्रैल के पहले हफ्ते में ही 603% ज्यादा हुई वर्षा, 11 से फिर सक्रिय होगा विक्षोभ
मार्च के सूखे के बाद भारी बारिश से तरबतर हुआ सूबा; मोगा रहा सबसे 'तर', अब तापमान में बढ़ोतरी के आसार
Unseasonal Rain : पंजाब में इस सप्ताह हुई व्यापक वर्षा ने मौसम के आंकड़ों को पूरी तरह बदल दिया है। मार्च के महीने तक जहां राज्य में बारिश की भारी कमी देखी जा रही थी, वहीं अप्रैल की शुरुआत होते ही बादलों ने ऐसी करवट ली कि बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल से 8 अप्रैल की सुबह तक पंजाब में 23.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस अवधि के औसत (3.4 मिमी) के मुकाबले 603 प्रतिशत अधिक है।
मार्च की कमी अप्रैल में हुई पूरी
आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 मार्च से अब तक राज्य में कुल 41.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर यह 25.9 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह सीजनल बारिश में अब 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि मार्च के महीने में बारिश सामान्य से 25 प्रतिशत कम रही थी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली कड़कने और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।
मोगा रहा सबसे 'तर'
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब में औसतन 13.5 मिमी बारिश हुई। जिलावार आंकड़ों के अनुसार, मोगा जिला 40 मिमी बारिश के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके बाद रोपड़ (34.8 मिमी), मोहाली (23.8 मिमी) और फाजिल्का (21 मिमी) का नंबर आता है। वहीं, फाजिल्का, फिरोजपुर और बरनाला में बारिश सामान्य से क्रमशः 250, 241 और 237 प्रतिशत अधिक रही है।
11 अप्रैल से फिर सक्रिय होगा विक्षोभ
IMD के अनुसार, 8 अप्रैल के बाद मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जिससे अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी क्योंकि 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।

