Punjab Politics Clash: धमाकों पर गरमाई पंजाब की सियासत, सीएम भगवंत मान व भाजपा आमने सामने
Punjab Politics Clash: सीएम ने BJP पर लगाए आरोप, सुनील जाखड़ व रवनीत बिट्टू का पलटवार
Punjab Politics Clash: पंजाब में जालंधर और अमृतसर में हुए कम तीव्रता के धमाकों के बाद सियासी तापमान अचानक बढ़ गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने इन घटनाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि पार्टी चुनावी माहौल बनाने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देती है।
मान के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घबराहट में इस तरह के बयान दे रहे हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने मान को चुनौती दी कि यदि उनके पास सबूत हैं तो भाजपा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
इस बीच कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सरकार से तेजी से कार्रवाई करने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे धमाकों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और दोषियों की पहचान जरूरी है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इन घटनाओं को ‘प्रॉक्सी वॉर’ का हिस्सा बताते हुए कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीमें दोनों घटनास्थलों पर जांच में जुटी हैं। संवेदनशील स्थानों को देखते हुए एनआईए (National Investigation Agency) के भी जांच में शामिल होने की संभावना है। राहत की बात यह है कि इन धमाकों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटनाओं ने सीमावर्ती राज्य में सुरक्षा और राजनीति दोनों को लेकर बहस तेज कर दी है।

