Punjab Police Action: गोल्डी बराड़ से जुड़े उगाही मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार, विदेशी हथियार बरामद
Punjab Police Action:
Punjab Police Action: संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े एक उगाही मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से विदेशी निर्मित अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई तीन सप्ताह तक चले लक्षित अभियान के तहत की गई। बरामद हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित दो ग्लॉक पिस्तौल सहित कुल 10 अन्य अत्याधुनिक अवैध हथियार शामिल हैं।
In a major breakthrough, #Ludhiana Commissionerate Police busts an extortion module linked to Gangster Goldy Brar, apprehends 10 operatives in a focused 3-week operation and recovers foreign-made pistols, including 2 Austrian #Glock pistols and 10 other sophisticated weapons.… pic.twitter.com/TItDNzsGpE
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) January 18, 2026
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियार तस्करी, उगाही और सुनियोजित हत्याओं में शामिल थे और राज्य में डर व अराजकता का माहौल बनाने की साजिश रच रहे थे। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इससे पहले भी पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर पुलिस द्वारा चलाए गए एक खुफिया अभियान में 4.013 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक जांच में यह खेप पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई बताई गई है। इस संबंध में मामडोट थाना में एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
डीजीपी ने दोहराया कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क और नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में शांति, कानून-व्यवस्था व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।

