Punjab Officer Suicide Case : 'सांसद लिखें, तुरंत होगी कार्रवाई'... पंजाब अधिकारी आत्महत्या मामले में गृह मंत्री ने दिया आश्वासन
अधिकारी की आत्महत्या मामले पर पंजाब के सांसद लिखकर दें तो सीबीआई जांच कराई जाएगी: शाह
Punjab Officer Suicide Case : गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि अगर पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के एक अधिकारी की आत्महत्या के मामले में प्रदेश के सांसद पत्र लिखकर दें तो वह इस मामले की सीबीआई जांच कराने का आदेश दे देंगे।
सदन में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यह विषय उठाया। औजला ने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है कि इसकी जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के एक मंत्री की धमकी के बाद अधिकारी को खुदकुशी जैसा कदम उठाना पड़ा।
इस पर शाह ने कहा, ''यह पंजाब का मामला है। यदि पंजाब के सांसद मुझे लिखकर दें तो मैं तुरंत सीबीआई जांच का आदेश दे दूंगा।'' खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्य मंत्री बिट्टू ने कहा कि इस मामले पर पंजाब के सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और अब जब गृह मंत्री ने आश्चासन दे दिया है तो पंजाब के सभी सांसदों को लिखकर सीबीआई जांच का आग्रह करना चाहिए।
अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस बीच एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने कथित तौर पर राज्य के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा उत्पीड़न का दावा किया। विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (समान मंशा) के तहत मामला दर्ज किया।

