Punjab News: अबोहर माइनर में कार गिरने से मां-बेटी की मौत, पति बाल-बाल बचा
Punjab News: महिला का पति कार की खिड़की खुल जाने के कारण बाल-बाल बचा
Punjab News: लंबी विधानसभा क्षेत्र के गांव आलमवाला के पास बीती रात एक दर्दनाक और संदिग्ध हादसे में अबोहर माइनर में कार गिरने से एक महिला व उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला का पति कार की खिड़की खुल जाने के कारण बाल-बाल बच गया।
हादसा रात करीब आठ बजे हुआ। दोनों शवों को नहर से बाहर निकाल लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय सिमरन कौर और तीन वर्षीय तकदीर कौर के रूप में हुई है, जो गांव जंडवाला भीमेशाह, जिला फाजिल्का की रहने वाली थीं।
बताया जा रहा है कि हादसा गांव आलमवाला के पास नहर के पुल के निकट एक तीखे मोड़ पर हुआ, जहां कार चालक संतुलन खो बैठा और कार सीधे माइनर में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही आलमवाला गांव के गुरुद्वारे से स्पीकर से सूचना (होका) के माध्यम से ग्रामीणों से मौके पर पहुंचने की अपील की गई। सूचना पर थाना कबरवाला की पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए मां और बेटी के शवों को नहर से बाहर निकाला। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मलोट भेज दिया गया है।
मृतका का पति साहिल खेड़ा, निवासी गांव जंडवाला भीमेशाह, अपनी पत्नी सिमरन कौर और बेटी तकदीर कौर के साथ स्विफ्ट कार में सिरसा से घर लौट रहा था। आलमवाला के पास तीखे मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए मृतका के पति को पूछताछ के लिए तलब किया जा रहा है।

