Punjab Farmers Protest : लैंड पूलिंग नीति के विरोध में पंजाबभर में किसानों का प्रदर्शन, कई टोल प्लाजा किए फ्री
बीकेयू एकता (सिद्धूपुर/डल्लेवाल) के आह्वान पर सुबह 11 से शाम 4 बजे तक टोल पर्ची मुक्त; अजीजपुर और धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर धरना
Punjab Farmers Protest : पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति और बैंकों में किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी के विरोध में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (एकता) सिद्धूपुर/डल्लेवाल के आह्वान पर राज्यभर में किसानों ने कई टोल प्लाजा पर्ची मुक्त कर दिए। संगठन के आह्वान पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल शुल्क नहीं लिया गया और किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बनूड़-जीरकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अजीजपुर टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र हुए और टोल को वाहनों के लिए निशुल्क कर दिया। धरने में संगठन के प्रदेश नेता मान सिंह राजपुरा, तरलोचन सिंह नंडियाली, गुरमीत सिंह सियाऊ समेत कई किसान नेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों के हितों के खिलाफ हैं और उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर भी धरना
इधर, पटियाला-राजपुरा रोड स्थित धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर भी संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन (डल्लेवाल) के कार्यकर्ताओं ने धरना देकर टोल को पर्ची मुक्त कर दिया। जिला संयोजक जगदीप सिंह अलूणा ने कहा कि सरकार को किसान विरोधी नीतियां वापस लेनी चाहिए और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए।
किसान संगठनों ने लैंड पूलिंग नीति को वापस लेने, लैंड मॉर्गेज बैंक और पीएडीबी (PADB) बैंकों में किसानों के साथ हुई कथित धोखाधड़ी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा किसानों के ऋण निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को किसान हितों के विपरीत बताते हुए इसे लागू नहीं करने की मांग भी की।

