Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

माघी मेले में बजा पंजाब का चुनावी बिगुल

श्री मुक्तसर साहिब के ऐतिहासिक माघी मेले में बुधवार को सजे सियासी मंचों से राजनीतिक दलों ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। भाजपा ने इस अवसर पर पहली बार मौजूदगी दर्ज करवाई, जबकि कांग्रेस नदारद रही। हरियाणा...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मुक्तसर में माघी मेले के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। साथ हैं पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, हिमाचल के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर एवं अन्य नेता। सभी फोटो पवन शर्मा
Advertisement

श्री मुक्तसर साहिब के ऐतिहासिक माघी मेले में बुधवार को सजे सियासी मंचों से राजनीतिक दलों ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। भाजपा ने इस अवसर पर पहली बार मौजूदगी दर्ज करवाई, जबकि कांग्रेस नदारद रही। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कमान संभालते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान को घेरा। वहीं, आम आदमी पार्टी और अकाली दल ने एक-दूसरे पर तीखे वार किये, कांग्रेस को भी घेरा, लेकिन भाजपा पर सीधे प्रहार नहीं किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के गृह जिले में इस अहम राजनीतिक मंच से दूर रहने के फैसले ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

Advertisement

विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी : नायब सैनी

Advertisement

मुक्तसर के ऐतिहासिक माघी मेले में भाजपा ने बुधवार को पहली बार अपना सियासी सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने आप और कांग्रेस पर हमला बोला, लेकिन शिरोमणि अकाली दल की सीधे तौर पर कोई आलोचना नहीं की। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकास के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार को जरूरी बताया।

सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता खून और भाईचारे का है। पिछले साल आई प्राकृतिक आपदा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब पंजाब के लोग कठिनाई में थे, तब हरियाणा वासियों ने छोटे भाई की तरह मदद की। आम आदमी पार्टी एवं मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्हाेंने कहा कि पंजाब में प्राकृतिक आपदा के समय यहां के सत्तासीन नेताओं को जनता की पीड़ा दिखाई नहीं दी, यहां के मुख्यमंत्री उस कठिन समय में कहीं नजर नहीं आए। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार से विकास की गति कई गुणा हो जाती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से 217 वादों वाला संकल्प पत्र जारी किया था, जिनमें से 54 वादों को एक वर्ष के भीतर पूरा किया जा चुका है। शेष पेज 2 पर

मुगलों और अंग्रेजों की तरह पंजाब को लूट रही आप : सुखबीर

बठिंडा (निस) : शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। मलोट रोड बाईपास पर आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से पंजाब की हालत दयनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह मुगलों और अंग्रेजों ने आकर पंजाब को लूटा, उसी तरह आम आदमी पार्टी अब राज्य के खजाने को लूटकर उसे दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण पंजाब में आवश्यक सुविधाओं की भारी कमी है। सुखबीर ने लोगों से कहा, आप नेता पंजाब संवारने या आपका दुख-दर्द कम करने नहीं आए हैं। इनका निशाना यहां से पैसा इकट्‌ठा करके दूसरे राज्यों में प्रचार करना और चुनाव लड़ना है।

एसआईटी जांच में 169 लापता स्वरूप मिले; 139 का रिकॉर्ड नहीं : मान

मेले में पंजाब के सीएम भगवंत मान, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी अमन अरोड़ा एवं दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया।
मेले में पंजाब के सीएम भगवंत मान, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी अमन अरोड़ा एवं दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया।

मुक्तसर/ बठिंडा, 14 जनवरी (ट्रिन्यू/ निस)

‘गोलक’ (दान पेटी) संबंधी अपनी टिप्पणियों को लेकर अकाल तख्त के समक्ष पेश होने से एक दिन पहले, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 लापता स्वरूपों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि जांच में 169 स्वरूपों का पता लगा लिया गया है। यह बात उन्होंने यहां 40 ‘मुक्तों’ को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

मान ने कहा कि एसआईटी ने एसबीएस नगर जिले के बंगा के पास एक धार्मिक स्थल से 169 लापता स्वरूप बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से केवल 30 का ही रिकॉर्ड मौजूद था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अकाल तख्त या एसजीपीसी के निर्देशानुसार स्वरूपों को सौंपेगी या स्थापित करेगी। उन्होंने कहा, ‘यह कोई उपलब्धि नहीं, हमारा कर्तव्य है। अगर हमारा गुरु सुरक्षित नहीं है, तो हम और क्या उम्मीद कर सकते हैं?’

मुख्यमंत्री ने अकाली दल और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अकाली-कांग्रेस ने मिलकर पंजाब को नरक की ओर धकेल दिया। उन्होंने मुफ्त बिजली और रोजगार के मुद्दों को अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। मुख्यमंत्री मान ने अगले बजट में महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की घोषणा की। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। आप के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार नशों के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement
×