Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Punjab Bus Accident: गुरदासपुर-पठानकोट हाईवे पर बड़ा हादसा, टूरिस्ट बस पलटी, दो कॉलेज छात्रों की मौत

Punjab Bus Accident: अमृतसर से जम्मू जा रही बस धारीवाल के पास हुई अनियंत्रित; पीछे चल रही कई गाड़ियां भी टकराईं, पांच घायल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
दुर्घटनाग्रस्त बस। निस
Advertisement

Punjab Bus Accident: पंजाब के गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारीवाल के नजदीक कलेर खुर्द इलाके में अमृतसर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद बस के पीछे चल रही कई गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकरा गईं।  दुर्घटना में दो कॉलेज छात्रों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।

बस में सवार ज्यादातर छात्र अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ाई करते हैं। कॉलेज परीक्षाएं खत्म होने के बाद सभी छात्र छुट्टियां बिताने के लिए जम्मू लौट रहे थे। छात्रों में घर जाने की खुशी थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने माहौल को मातम में बदल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना तेज था कि बस सड़क पर पलटते ही पीछे चल रही गाड़ियों में भी टक्करें शुरू हो गईं।

Advertisement

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। घायल छात्रों और यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। हादसे में बचे छात्र नितिश, हरीश और विश्व अरोड़ा ने बताया कि अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और जोरदार धमाके के साथ वाहन पलट गया। उन्होंने बताया कि कुछ ही सेकेंड में पूरा माहौल बदल गया और उनके दो साथियों की मौत हो गई।

Advertisement

दुर्घटना के कारण गुरदासपुर-पठानकोट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद काफी देर तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्रेन मंगवाई और पलटी बस समेत टकराए वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे हाईवे पर ट्रैफिक बहाल करवाया गया। पुलिस ने मृतक छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण की कमी ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बस की रफ्तार तय सीमा से ज्यादा थी या नहीं। साथ ही तकनीकी खराबी और चालक की लापरवाही के पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
×