Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Punjab: 26 जनवरी से पहले दिल्ली–अमृतसर रेलवे ट्रैक उड़ाने की कोशिश, सरहिंद के पास धमाका; 600 मीटर पटरी क्षतिग्रस्त

रात 9 बजकर 50 मिनट पर हुआ विस्फोट, मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, चालक घायल; ट्रैक मरम्मत के बाद यातायात बहाल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मौके पर जांच के लिए पहुंची टीम।
Advertisement

Sirhind Railway Track Explosion: 26 जनवरी से पहले  दिल्ली–अमृतसर मुख्य रेलवे लाइन को देर रात उड़ाने की कोशिश का मामला सामने आया है। सरहिंद के नजदीक खानपुर गांव के पास रेलवे पोल नंबर 1208 के समीप जोरदार धमाका हुआ, जिससे करीब 600 मीटर रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के समय कोई अन्य ट्रेन उस मार्ग से नहीं गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, एक मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया और उसका चालक घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें, यह ट्रैक मालगाड़ी के लिए ही था।

Advertisement

रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि उन्हें रात में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट की सूचना मिली थी, जिसके बाद अलग-अलग टीमों को मौके पर भेजकर जांच शुरू की गई। फिलहाल सभी संबंधित एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं।

Advertisement

उन्होंने बताया कि धमाका रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर हुआ था। इस घटना में एक मालगाड़ी का चालक घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है, जबकि फोरेंसिक और अन्य तकनीकी टीमें भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं।

उन्होंने  स्पष्ट किया है कि इस घटना को आतंकी हमला करार देना अभी जल्दबाजी होगी। शुरुआती तौर पर इसे एक आपराधिक घटना के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही धमाके के कारण और जिम्मेदार लोगों के बारे में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रेलवे तथा पुलिस प्रशासन सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत कर रेल यातायात को बहाल कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रात को तेज धमाके की आवाज सुनी गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल सरहिंद रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में तैनात किया गया है।

Advertisement
×