Punjab: 16 जनवरी को थी युवक की शादी, लुधियाना के रायकोट में होटल में खुद को मारी गोली
Punjab News: लुधियाना के रायकोट स्थित बरनाला चौक के पास स्थित सिमर होटल में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गांव जलालदीवाल निवासी 30 वर्षीय युवक ने होटल के कमरे में कथित तौर पर अपनी निजी रिवॉल्वर से...
Punjab News: लुधियाना के रायकोट स्थित बरनाला चौक के पास स्थित सिमर होटल में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गांव जलालदीवाल निवासी 30 वर्षीय युवक ने होटल के कमरे में कथित तौर पर अपनी निजी रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक का विवाह करीब दो सप्ताह बाद 16 जनवरी को तय था, जिससे घटना से इलाके में शोक की लहर है।
युवक देर रात अपनी कार से होटल पहुंचा था। होटल उसके घर से महज चार किलोमीटर की दूरी पर है। घटना के समय होटल का कमरा अंदर से बंद था। सूत्रों के मुताबिक कमरे से शराब की बोतल भी बरामद होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक ने खुद को गोली मारी है। हालांकि, मौत के कारणों की विस्तृत जांच के लिए लुधियाना (देहाती) जिले की फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि होटल के कर्मचारियों ने घटना की सूचना युवक के पिता जगरूप सिंह को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके को सील कर जांच शुरू कर दी। थाना रायकोट शहरी के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गांव और आसपास के लोग होटल के बाहर एकत्र हो गए। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

