Pune Rape : पुणे में 4 वर्षीय बच्ची से यौन उत्पीड़न, पत्थर से वार कर मारा; आरोपी गिरफ्तार
फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ नजर आया था, इलाके में उग्र प्रदर्शन शुरू
महाराष्ट्र के पुणे जिले की भोर तहसील में 4 वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में आपराधिक इतिहास वाले 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस घटना के बाद इलाके में उग्र प्रदर्शन शुरू हो गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पेशे से मजदूर आरोपी शुक्रवार को खाना खिलाने का लालच देकर बच्ची को मवेशियों के बाड़े में ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया। आरोपी ने बाद में पत्थर से वार कर बच्ची की हत्या कर दी। आरोपी को एक घर के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया। फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ नजर आया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बाद में आरोपी को पुणे के सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मराठा संगठनों के सदस्यों ने अदालत परिसर में आरोपी को ले जा रहे पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश की। इस घटना से भोर क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया, सैकड़ों ग्रामीण स्थानीय चौकी पर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
उन्होंने मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को भी जाम कर दिया। पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले में 15 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा और सुनवाई में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा क आरोपी का आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ 1998 और 2015 में मामले दर्ज किए गए थे। दोनों मामलों में उसे बरी कर दिया गया था। वह एक मजदूर है और आमतौर पर गांव में घूमता रहता है और कभी-कभार काम करता है।
इस घटना का राजनीतिकरण करना असंवेदनशील: CM
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को 'बेहद शर्मनाक व गहरा दुखदायी' बताया और त्वरित सुनवाई का वादा किया। फडणवीस गृह विभाग के प्रमुख भी हैं। उन्होंने कहा कि हम उच्च न्यायालय से विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का अनुरोध करेंगे। आरोपी को जल्द से जल्द मौत की सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस घटना का राजनीतिकरण करना असंवेदनशील है। उन्होंने बच्ची के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।
