Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

परीक्षा के बीच गुल हुई बिजली, बंद हो गए कंप्यूटर; 49 छात्रों का छूटा AIAPGET एग्जाम

बिजली गुल होने से 49 अभ्यर्थी नहीं दे पाए प्रवेश परीक्षा, एनटीए दोबारा लेगा परीक्षा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सांकेतिक फोटो
Advertisement

राजस्थान के जयपुर में आज एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से कंप्यूटर बंद हो गए, जिसके कारण 49 परीक्षार्थी 'आयुष पीजी' प्रवेश परीक्षा पूरी नहीं कर सके। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इन परीक्षार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की। यह घटना जयपुर के सत्य साईं पीजी कॉलेज में हुई, जहां एनटीए की ओर से आयोजित अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) कंप्यूटर आधारित तरीके से कराई जा रही थी।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से कंप्यूटर बंद हो गए और 192 में से 49 परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए। परीक्षा पूरी नहीं कर सके उम्मीदवारों के लिए एक सितंबर को राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा संचालित कर रही कंपनी 'एडुक्यूटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड' को बिजली कटौती के लिए जिम्मेदार ठहराया।

Advertisement

परीक्षार्थियों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई दो घंटे की परीक्षा के कुछ देर बाद करीब 20 मिनट के लिए बिजली चली गई। परीक्षा निरीक्षक ने परीक्षार्थियों को बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और जल्द ही इसे बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि, काफी देर तक बिजली नहीं आने पर कई परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आ गए।

Advertisement

उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। कुछ उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती के दौरान कई परीक्षार्थी आपस में बातचीत कर रहे थे और कथित रूप से नकल कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह सब केंद्र पर्यवेक्षक की मौजूदगी में हुआ। एक परीक्षार्थी ने कहा कि कई बार बिजली गई और कोई बैकअप व्यवस्था नहीं थी। इस दौरान कुछ उम्मीदवार बातचीत करने लगे और कुछ बाहर आ गए। मुझसे कहा गया कि कंप्यूटर के सामने बैठा रहूं, भले ही वह काम नहीं कर रहा था। जब कंप्यूटर ही काम नहीं कर रहा था तो मैं कैसे बैठ सकता था।

केंद्र पर्यवेक्षक ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी और तकनीकी खराबी के कारण बैकअप उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस संबंध में एनटीए को रिपोर्ट भेजी जा रही है। एनटीए ने बताया कि शनिवार को एआईएपीजीईटी परीक्षा की पहली पारी में 36,979 पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर 35,837 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।

35,788 परीक्षार्थियों की परीक्षा पूरी हो गई है। हालांकि, जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर 192 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। एनटीए, आयुष एवं होम्योपैथी की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में स्नातकोत्तर एमडी, एमएस और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह परीक्षा आयोजित करता है।

Advertisement
×