‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर सकारात्मक विमर्श जारी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को समान नागरिक संहिता और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को भाजपा के दो अधूरे एजेंडे बताते हुए कहा कि इन पर गंभीर विचार-विमर्श हो रहा है तथा सकारात्मक दिशा में प्रगति हुई है। भाजपा के...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को समान नागरिक संहिता और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को भाजपा के दो अधूरे एजेंडे बताते हुए कहा कि इन पर गंभीर विचार-विमर्श हो रहा है तथा सकारात्मक दिशा में प्रगति हुई है।
भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर एक कार्यक्रम को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पहली बार भाजपा ने 1994 में महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया था। मौजूदा भाजपा नीत केंद्र सरकार महिला आरक्षण अधिनियम को 2029 के आम चुनाव में लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण होगा।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपातकाल जैसी कई कठिनाइयों को सहा और कांग्रेस के शासन में उत्पीड़न का सामना किया। उन्होंने कहा कि कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने तो अपनी जान भी कुर्बान कर दी, जैसा कि पश्चिम बंगाल और केरल जैसे राज्यों में देखा गया, ‘जहां हिंसा को एक राजनीतिक संस्कृति बना दिया गया है’।
मोदी ने कहा कि भाजपा देश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाना चाहती है और इस दिशा में बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल के सैकड़ों काले कानूनों को खत्म करना, लोकतंत्र के लिए एक नये संसद भवन का निर्माण, सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून, नागरिकता संशोधन अधिनियम, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण... ऐसे अनगिनत काम हैं जो भाजपा के ईमानदार प्रयासों का परिणाम हैं।
‘पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाती है कांग्रेस’
डिब्रूगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर कड़ा रुख अपनाया, वहीं विपक्षी कांग्रेस लगातार पाक के सुर में सुर मिलाती नजर आती है। असम के बारपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए, मोदी ने कांग्रेस पर विकास के प्रति संकीर्ण दृष्टिकोण रखने का आरोप भी लगाया। मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस का प्रथम परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है, जो फिलहाल जमानत पर बाहर है। कांग्रेस सिर्फ दो काम कर सकती है- झूठ बोलना और भ्रष्टाचार में लिप्त होना।’ राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ वाली टिप्पणी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ‘मिथ्या की दुकान’ और ‘अपमान’ का प्रतिनिधित्व करती है।

