PM मोदी बोले- काशी के घाटों पर ही प्रकट हुई थी संत रविदास जी की शिक्षा, हम पाते हैं प्रेरणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत रविदास जी के 649वें जयंती समारोह में शामिल हुए
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे और गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं पंजाब की इस मिट्टी को नमन करता हूं। आज गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। मुझे इस पुण्य अवसर पर आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं आप सभी देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देता हूं। मुझे सांसद के रूप में काशी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है।
उन्होंने कहा कि काशी के घाटों पर ही संत रविदास जी की शिक्षा प्रकट हुई थी। हम सभी उनसे बहुत प्रेरणा पाते हैं। संत रविदास जी ने हमें सेवा का जो मार्ग दिखाया है, उससे उस प्रेरणा को और ऊर्जा मिली है। आज मुझे एक और बात की भी खुशी है। अभी थोड़ी देर पहले ही गुरु रविदास जी के नाम पर आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण हुआ है। अब आदमपुर एयरपोर्ट को गुरु रविदास जी महाराज जी एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा हलवारा एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया गया है। मैं सभी देशवासियों को इन कामों की शुभकामनाएं देता हूं। गुरु रविदास जी महाराज जी ने समाज में बराबरी और समान अवसर की बात की थी।
बजट में इसी संवेदनशीलता के साथ और महत्वपूर्ण निर्णय लिए
मोदी ने कहा कि संत रविदास जी के आशीर्वाद से हम विकसित भारत के लक्ष्य को पाकर रहेंगे। आज सुबह संसद में देश का बजट प्रस्तुत किया गया है। यह आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने वाला बजट है। बीते वर्षों में हमारी सरकार ने सड़क, बिजली, पानी, रेल और गरीबों के घरों में अभूतपूर्व निवेश किया है। इस बजट में ऐसे कामों के लिए पहले से अधिक यानी 17 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। गांव की सड़क अच्छी होगी तो मंडी को उपज पहुंचाना आसान होगा। बीते सालों में हमारी सरकार ने गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों को सस्ता और अच्छा इलाज दिया है। इस बजट में इसी संवेदनशीलता के साथ और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

