PM Modi Jalandhar Visit Live : पंजाब पहुंचे PM मोदी, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन
PM मोदी ने पंजाब को दी 5,470 करोड़ की विकास सौगात, रेलवे और हाईवे परियोजनाओं का किया शुभारंभ
PM Modi Jalandhar Visit Live : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पंजाब के जालंधर से 5,470 करोड़ रुपए से अधिक की रेलवे और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में रेल, सड़क और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना है, जिससे लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
75 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 20 राज्यों में विकसित 75 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इनमें जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी शामिल है। करीब 1,570 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इन स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।
नई रेल लाइन और ट्रेनों की सौगात
पीएम मोदी ने लगभग 830 करोड़ रुपए की लागत से बनी दौलतपुर चौक-करटोली नई रेल लाइन का भी उद्घाटन किया। इससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही करटोली-अंबाला ट्रेन और अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों के बीच सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
हाईवे परियोजनाओं से सफर होगा आसान
प्रधानमंत्री ने 3,070 करोड़ रुपए से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी शुरुआत की। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन किया गया, जिससे यात्रा तेज, सुरक्षित और ईंधन की बचत वाली होगी। इसके अलावा साउथ लुधियाना बाइपास की आधारशिला रखी गई, जिससे लुधियाना, बठिंडा और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
पंजाब के विकास को मिलेगा नया आयाम
इन परियोजनाओं से पंजाब में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। सरकार का मानना है कि ये योजनाएं राज्य के आर्थिक विकास को नई गति देंगी।

