Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

PM Modi Italy Visit : एआई, अंतरिक्ष और निवेश… पीएम मोदी और इटली के राष्ट्रपति ने की मुलाकात, नई टेक्नोलॉजी साझेदारी पर दिया जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने इटली के राष्ट्रपति से मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

PM Modi Italy Visit : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से मुलाकात की और व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भारत-इटली साझेदारी को और बढ़ाने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी 15-20 मई तक अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। इससे पहले वह संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे की यात्रा पर थे।

मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति मटारेला के साथ भारत-इटली की मित्रता से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक संपर्क शामिल हैं। मोदी ने कहा, ''हमने इस बारे में बात की कि हमारे देश एआई, महत्वपूर्ण खनिजों, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कैसे मिलकर काम कर सकते हैं।'' प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रपति मटारेला के समर्थन और नेतृत्व के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

Advertisement

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में हो रही प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया और व्यापार एवं निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी, शिक्षा और सांस्कृतिक संपर्क में जारी सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। बयान के मुताबिक, मोदी और मटारेला ने उभरती प्रौद्योगिकियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर शीघ्र हस्ताक्षर होने से साझेदारी को नयी गति मिलेगी।

Advertisement

इसके मुताबिक, दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की तथा पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून, नौवहन की स्वतंत्रता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मटारेला को सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण दिया। इटली में भारतीय दूतावास के मुताबिक, हाल के सालों में भारत और इटली के बीच आर्थिक जुड़ाव बढ़ा है और 2025 में दोनों देशों का व्यापार 14.25 अरब यूरो तक पहुंच गया।

भारत का निर्यात 8.55 अरब यूरो रहा, जबकि 2025 में इटली का भारत को निर्यात 5.70 अरब यूरो दर्ज किया गया, जो 2024 के मुकाबले 9.42 प्रतिशत ज्यादा है। दोनों देशों ने 2029 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इटली यूरोपीय संघ में भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापार साझेदार है और उसने अपनी वैश्विक व्यापार रणनीति के तहत भारत को प्राथमिकता वाले देशों में से एक माना है।

Advertisement
×