PM Modi in Jind: 'जींद का घी और घेवर वही है, लेकिन तेवर बदल गए हैं', पीएम मोदी का विकास पर बड़ा संदेश
जींद की जनसभा में प्रधानमंत्री ने हरियाणा के विकास मॉडल की सराहना की; कहा- हाइड्रोजन ट्रेन के साथ जींद और हरियाणा का नाम रेलवे के इतिहास में दर्ज हो गया
PM Modi in Jind: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए लोगों से भावनात्मक जुड़ाव बनाया। उन्होंने कहा, "जींद का घी और घेवर तो वही है, लेकिन जींद के तेवर बदल गए हैं।" प्रधानमंत्री के इस बयान पर जनसभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे वर्षों से जींद आते रहे हैं और इस क्षेत्र से उनका पुराना नाता है। उन्होंने कहा कि जींद का प्रसिद्ध घी और घेवर आज भी अपनी पहचान बनाए हुए हैं, लेकिन अब यहां के लोगों का विकास के प्रति नजरिया बदल चुका है।
मोदी ने कहा कि आज जींद भाजपा-एनडीए सरकार के सुशासन मॉडल की तस्वीर बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पूरा हरियाणा विकास की नई राह पर आगे बढ़ा है और आज की परियोजनाएं इस विकास यात्रा को नई गति देंगी।
प्रधानमंत्री ने देश की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को जींद से रवाना किए जाने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत की पहली ट्रेन के लिए मुंबई और ठाणे का नाम हमेशा याद किया जाता है, उसी तरह भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन की चर्चा होगी, तब जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम भी इतिहास में दर्ज रहेगा।
उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि संगठन के कार्यकर्ता के रूप में कई दशक पहले उनका पहला दौरा जींद का ही था। उस समय यहां के लोगों से मिला स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में ताजा है। उन्होंने कहा कि जींद आना उनके लिए हमेशा पुरानी यादों को ताजा करने जैसा होता है।
प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
प्रधानमंत्री का "जींद का घी और घेवर वही है, लेकिन तेवर बदल गए हैं" वाला बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया।

