PM Modi Appeal Dispute : शताब्दी से चंडीगढ़ पहुंचे मनोहर लाल, बोले- मुझे पैदल चलने में भी दिक्कत नहीं
कहा- ईंधन बचाना ही सच्ची देशसेवा, प्रधानमंत्री मोदी की अपील का असर
PM Modi Appeal Dispute : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब केंद्र और राज्यों के नेताओं में भी साफ दिखाई देने लगा है। केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शुक्रवार को शताब्दी ट्रेन के जरिए चंडीगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि जब भी दिल्ली से बाहर जाने का मौका होगा, वे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ही इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को केवल भाषण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ईंधन बचत में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का बहुत बड़ा पैसा ईंधन के रूप में विदेशों में जाता है। इसे बचाना देशहित का बड़ा काम है और इसमें सभी के सहयोग की जरूरत है।
कम गाड़ियां चलाने वालों को मिलेगा सम्मान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनके मंत्रालय में भी ऐसी योजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत विभागीय गाड़ियों का कम इस्तेमाल करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर भी फिजूल ईंधन खपत कम करने के प्रयास जरूरी हैं। मनोहर लाल ने हल्के अंदाज में कहा, ‘मुझे तो पैदल चलने में भी कोई दिक्कत नहीं है।’ हालांकि उन्होंने माना कि कुछ सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते जरूरी गाड़ियों का इस्तेमाल करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री ने भी अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम की है, जो एक सकारात्मक पहल है।
पावर की कमी नहीं आने देंगे
इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी मनोहर लाल ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ईवी मैन्युफैक्चरिंग कम है, लेकिन इसे तेजी से बढ़ाया जा रहा है। साथ ही देशभर में चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईवी चार्जिंग के लिए बिजली की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। “देश में लगातार विद्युत उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल गाड़ियां अपने आप कम होती जाएंगी,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस का नाम सुनते ही बिदक जाते हैं लोग
हरियाणा निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में बीजेपी लगातार निकाय चुनावों में मजबूत हुई है और केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नाम सुनते ही लोग बिदक जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और पारदर्शिता के साथ काम हुआ है, इसलिए जनता लगातार बीजेपी का समर्थन कर रही है।
हुड्डा पर चुटकी, पंजाब पर नजर
पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए मनोहर लाल ने कहा कि हुड्डा साहब को अब संन्यास ले लेना चाहिए। जहां उनका नाम रहेगा, वहां कांग्रेस को कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पुरानी पीढ़ी के रिटायर होने के बाद ही नई पीढ़ी उभरेगी और तभी विपक्ष मजबूत बन पाएगा। हालांकि उन्होंने लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की जरूरत को भी अहम बताया। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सफलता का जिक्र करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि अब पार्टी की अगली बड़ी नजर पंजाब पर है और वहां भी बीजेपी जीत दर्ज करेगी।

