Petrol Diesel Price Hike: महंगाई पर सुरजेवाला का हमला, कहा- हर सुबह जनता की जेब पर नया वार कर रही BJP सरकार
Petrol Diesel Price Hike: 11 दिनों में चार बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, कांग्रेस नेता बोले- गैस और CNG की कीमतों ने भी बढ़ाई आम आदमी की परेशानी
Petrol Diesel Price Hike: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पेट्रोल-डीजल, गैस और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब देश में हर सुबह लोगों की आंख खुलने से पहले ही भाजपा सरकार महंगाई संदेश भेज देती है। सुरजेवाला ने कहा कि पिछले 11 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी कर आम जनता की कमर तोड़ दी गई है।
उन्होंने कहा कि 15 मई से 25 मई के बीच पेट्रोल-डीजल 7.53 प्रति लीटर महंगे हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नौकरीपेशा, किसान, दुकानदार, मजदूर, गृहणियां और छोटे कारोबारी अब ‘महंगाईमैन मोदी’ की रोजाना बढ़ती किस्तों से परेशान हो चुके हैं। सुरजेवाला ने सवाल उठाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम हो रही हैं, तब भारत में पेट्रोल-डीजल लगातार महंगे क्यों किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 में जब कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर था, तब भी पेट्रोल-डीजल आज की तुलना में काफी सस्ता था। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी के जरिए करीब 43 लाख करोड़ वसूले हैं। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार ने रिजर्व बैंक के इमरजेंसी फंड से भी भारी रकम ली है, जिससे कुल वसूली 57 लाख करोड़ तक पहुंच गई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि रसोई गैस, कमर्शियल एलपीजी और सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर करीब 50 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है, जिससे ढाबा, रेहड़ी, होटल और छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 किलो ‘छोटू सिलेंडर’ के दाम बढ़ने से गरीब परिवारों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। वहीं सीएनजी महंगी होने से ऑटो-टैक्सी चालकों और मध्यम वर्गीय परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
हरियाणा सरकार पर भी साधा निशाना
सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार को भी घेरते हुए कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल पर भारी वैट वसूला जा रहा है। उनके मुताबिक हर लीटर पेट्रोल पर करीब 18 और डीजल पर लगभग 14.50 टैक्स लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुनाफा अपनी जेब में और बोझ जनता पर की नीति चला रही है। कांग्रेस ने मांग की कि पेट्रोल-डीजल, गैस और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए।
