Petrol-Diesel Price Hike : चुपके-चुपके जेब काट रही सरकार... दो हफ्तों में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, राहुल का पीएम मोदी पर वार
'महंगाई मानव मोदी' ने जनता पर फिर हमला किया: कांग्रेस
Petrol-Diesel Price Hike : कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर वृद्धि होने के बाद सोमवार को आरोप लगाया कि ''महंगाई मानव'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव के समय वादे करते हैं और बाकी समय जनता की जेब पर वार करते हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर वृद्धि की गयी। पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये गए हैं।
पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह चौथी बार बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 102.12 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 99.51 रुपये प्रति लीटर थी। डीजल के दाम 2.71 रुपये बढ़ाकर 95.20 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं, जो पहले 92.49 रुपये प्रति लीटर थे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, ''महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं, ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था, पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल आठ रुपये महंगा कर दिया। ये वृद्धि होती ही जाएगी। महंगाई मानव" मोदी का एक ही काम... चुनाव में वादे और बाक़ी समय जनता की जेब पर वार करना है।"
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''ईंधन लूट का रोजाना होने वाला आक्रमण अभी ख़त्म नहीं हुआ है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 दिनों में चौथी बार बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल की कीमत में 7.35 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 7.53 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत में ''आग लगाने के लिए पेट्रोल छिड़का'' है। मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों में 43 लाख करोड़ रुपये लूट चुकी है। रोजाना होने वाली इस डकैती से किसे लाभ हो रहा है?
