Parliament Reply Demand: कांग्रेस ने बिरला को पत्र लिखा, गृह मंत्री को सदन में जवाब देने का निर्देश देने की मांग
Parliament Reply Demand: कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पिछले दिनों यहां छात्रों पर कार्रवाई के मामले में सदन में...
Parliament Reply Demand: कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पिछले दिनों यहां छात्रों पर कार्रवाई के मामले में सदन में आकर जवाब देने के लिए निर्देशित करें।
वेणुगोपाल ने पत्र में यह भी कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे युवा नागरिकों के खिलाफ कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कथित कार्रवाई गंभीर राष्ट्रीय चिंता का विषय है और इसकी तत्काल संसदीय जांच तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है और इसलिए पुलिस की कार्रवाई के लिए गृह मंत्री को संसद के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 77 और अनुच्छेद 75(3) का हवाला देते हुए कहा कि कार्यपालिका की संसद के प्रति जवाबदेही संसदीय लोकतंत्र का मूल सिद्धांत है।
वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वह अपने पद की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए गृह मंत्री को सदन में उपस्थित होने और दिल्ली में छात्रों तथा युवाओं के खिलाफ कथित पुलिस अत्याचार एवं पैलेट गन के कथित इस्तेमाल पर विस्तृत बयान देने का निर्देश दें।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को इस मुद्दे पर सदन के पटल पर सदस्यों के सवालों का जवाब देना चाहिए। वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे सदन की लोकतांत्रिक परंपराओं और कार्यपालिका की संसद के प्रति जवाबदेही को मजबूत किया जा सकेगा।

